
Ganesh Festival 2026: छत्तीसगढ़ के रायपुर (ग्रामीण)। आगामी गणेश पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में तिल्दा-नेवरा पुलिस ने शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले 14 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
सभी को अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय तिल्दा-नेवरा में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती चंचल तिवारी और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विधानसभा श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई।
गणेश पर्व को देखते हुए तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में पुलिस लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही है। 13 सितंबर 2026 को भी पुलिस की अलग-अलग टीमों को क्षेत्र में गश्त के लिए रवाना किया गया था। इस दौरान पुलिस ने ऐसे लोगों को चिन्हित किया, जिनसे विवाद, लड़ाई-झगड़े या शांति भंग होने की आशंका जताई गई थी। पुलिस के अनुसार, इन लोगों की गतिविधियों से क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस ने कुल 14 लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद सभी को अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय द्वारा संबंधित मामलों में जेल वारंट जारी किए जाने के बाद सभी 14 लोगों को जेल निरुद्ध किया गया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में सूरज सेन, शिवा साहू, राहुल कुमार पंजवानी, राहुल निषाद, इंदिरा सांवरा, सूरज सिंह चौहान, मनोज निषाद, शोभू साहू, अशोक यादव, रवि यादव, करिया देवार, सूर्या सांवरा, पुरुषोत्तम विश्वकर्मा और संजय वर्मा शामिल हैं।
गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए संदिग्ध गतिविधियों और विवाद की आशंका वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें त्योहार के दौरान लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में गणेश पर्व मना सकें।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने या अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अशांति की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों के मुताबिक गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।