रायपुर

Chhattisgarh: दीपावली से पहले होमगार्ड्स के लिए खुशखबरी, अब मिलेंगे 30870 रुपए प्रतिमाह

छत्तीसगढ़ में लगभग 7900 नगरसैनिकों को होगा लाभ। अभी 19500 रुपए मिल रहे। करीब तीन साल बाद मानदेय में की जा रही वृद्धि...
less than 1 minute read
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में कानून-व्यवस्था, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में अपनी सेवाएं दे रहे स्वयंसेवी नगर सैनिकों (Home Guards) के लिए दीपावली से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। राज्य शासन के नए प्रस्ताव के अनुसार अब सैनिकों का कुल मानदेय बढ़ाकर 30870 रुपए प्रतिमाह (यानी 1029 रुपए प्रतिदिन) किया जा रहा है। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 7900 नगर सैनिकों और उनके परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर डिप्टी सीएम व गृहमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य शासन द्वारा होमगार्ड्स के मानदेय में एक बार फिर से भारी बढ़ोतरी की गई है। गृह विभाग द्वारा तैयार किए गए नए प्रस्ताव के मुताबिक मूल मानदेय 19500 रुपए प्रतिमाह, महंगाई भत्ता (58 प्रतिशत) 11310 रुपए, वर्दी धुलाई भत्ता 60 रुपए, इस प्रकार कुल प्रस्तावित मानदेय 30870 रुपए प्रतिमाह मिलगा।

होमगार्ड के मानदेय में समय-समय पर संशोधन किया जाता रहा है। वर्ष 2017 में गृह विभाग के आदेश से मानदेय में 3200 रुपए की वृद्धि की गई थी। तब इसे 10000 रुपए से बढ़ाकर 13200 रुपए प्रतिमाह किया गया था। इसके बाद वर्ष 2023 में मानदेय में 6300 रुपए की और वृद्धि की गई, जिससे यह बढ़कर 19500 रुपए प्रतिमाह हो गया था।

वर्तमान में न्यायालय के निर्देशों, लगातार बढ़ती महंगाई तथा नगर सैनिकों द्वारा ड्यूटियों के दौरान कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और अन्य आवश्यक सेवाओं में दिए जा रहे उत्कृष्ट योगदान को ध्यान में रखते हुए गृह विभाग ने यह अनुशंसा की है। शासन के इस कदम से न केवल नगर सैनिकों को आर्थिक संबल प्राप्त होगा, बल्कि उनका मनोबल व कार्य के प्रति प्रतिबद्धता भी और अधिक मजबूत होगी। स्वयंसेवी नगर सैनिकों ने मानदेय में हुई इस बढ़ोतरी के लिए सीएम विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।