रायपुर

IAS Richa Sharma: जिम की लिफ्ट में फंसीं IAS ऋचा शर्मा, घुटन से बिगड़ी हालत, अधिकारियों को फोन करते ही मचा हड़कंप

Breaking News: एयरपोर्ट रोड स्थित श्रीराम मंदिर चौक के पास बने करेंसी टावर में सोमवार सुबह एक गंभीर घटना सामने आई, जहां राज्य शासन की वरिष्ठ अधिकारी और असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी (ACS) ऋचा शर्मा करीब 20 मिनट तक खराब लिफ्ट में फंसीं रहीं।

2 min read
Apr 20, 2026
जिम की लिफ्ट में फंसी IAS ऋचा शर्मा (फोटो सोर्स- पत्रिका)
जिम की लिफ्ट में फंसी IAS ऋचा शर्मा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

IAS Richa Sharma: रायपुर में लिफ्ट खराबी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन इस बार सामने आया मामला प्रशासनिक हलकों में गंभीर चिंता का कारण बन गया है। एयरपोर्ट मार्ग स्थित श्रीराम मंदिर चौक के पास बने करेंसी टावर में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब छत्तीसगढ़ शासन की असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी (ACS) ऋचा शर्मा करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसीं रहीं। गनीमत रही कि समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

IAS Richa Sharma: सुबह जिम जाते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 6:30 बजे की है। ऋचा शर्मा रोज की तरह करेंसी टावर स्थित साईकस जिम जाने के लिए पहुंची थीं और लिफ्ट से ऊपर जा रही थीं। इसी दौरान तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई और वे अंदर ही फंस गईं।

लिफ्ट में नहीं थीं बुनियादी सुविधाएं

सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि लिफ्ट के अंदर न तो पर्याप्त रोशनी थी और न ही वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था। ऐसे में कुछ ही मिनटों में घुटन और घबराहट की स्थिति बनने लगी। बताया जा रहा है कि लिफ्ट में इमरजेंसी अलार्म या हेल्पलाइन जैसी आवश्यक सुविधाएं भी मौजूद नहीं थीं, जिससे तत्काल मदद मिलना मुश्किल हो गया।

IAS Richa Sharma: मोबाइल के जरिए किया संपर्क

स्थिति को देखते हुए ऋचा शर्मा ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से अधिकारियों को सूचना दी। इस दौरान उन्होंने राज्य के ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव से भी संपर्क कर इमारत की बिजली और बैकअप व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

20 मिनट बाद खोला गया लिफ्ट का दरवाजा

करीब 20 मिनट तक चले प्रयासों के बाद लिफ्ट का दरवाजा मैन्युअली खोलकर उन्हें बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद भी कुछ समय तक उनकी तबीयत सामान्य नहीं रही, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

लिफ्ट में बार-बार खराबी के आरोप, रखरखाव पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, करेंसी टावर में लिफ्ट खराब होने की शिकायतें पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। यहां स्थित साईकस जिम में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन द्वारा लिफ्ट की नियमित जांच और रखरखाव को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।

इससे संबंधित खबरें पढ़े

32 हजार आदिवासियों की खुशहाली का रोडमैप तैयार- नक्सलवाद के साये से मुक्त हो रहे बस्तर में अब खुशहाली की नई इबारत लिखी जा रही है। प्रमुख सचिव (आदिम जाति विकास) सोनमणि बोरा ने 'पत्रिका' से विशेष बातचीत में बस्तर के कायाकल्प का रोडमैप साझा किया। उन्होंने बताया कि सलवा जुडूम के दौरान पलायन कर गए 32 हजार आदिवासियों की घर वापसी के लिए केंद्र के 'रियांग (ब्रू) मॉडल' पर ठोस रणनीति तैयार है… पूरी खबर पढ़े

Updated on:
20 Apr 2026 08:08 pm
Published on:
20 Apr 2026 01:18 pm