
Mahadev Online Betting App: महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच अब दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर तक पहुंच गई है। महादेव एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के बयानों में हिमांशु के संपर्कों और कथित लेनदेन को लेकर कई अहम दावे सामने आए हैं। आरोप है कि हिमांशु ने महादेव प्रमोटरों को कानूनी राहत दिलाने और उनके खिलाफ चल रहे मामलों को मैनेज कराने का भरोसा देकर करीब 55 से 60 करोड़ रुपये वसूले। ईडी ने हिमांशु को विशेष अदालत में पेश कर 28 नवंबर तक अपनी कस्टडी में लिया है। अब जांच एजेंसी उसके संपर्कों, विदेश यात्राओं और कथित वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है।
सौरभ चंद्राकर के ईडी को दिए गए बयानों के मुताबिक, हिमांशु शेखर ने महादेव प्रमोटरों को भरोसा दिलाया था कि उसके संपर्क केंद्रीय जांच एजेंसियों के बड़े अधिकारियों, वकीलों और जजों तक हैं। उसने महादेव एप से जुड़े आपराधिक मामलों को मैनेज कराने और लुक आउट सर्कुलर (LOC) के नोटिस को निष्प्रभावी कराने का भी भरोसा दिया था।
अब ईडी यह पता लगाने में जुटी है कि हिमांशु केवल अपने प्रभाव का रौब दिखाकर प्रमोटरों से पैसे वसूल रहा था या वास्तव में उसके संपर्क जांच एजेंसियों और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े प्रभावशाली लोगों तक थे। जिन अधिकारियों और अन्य लोगों तक रकम पहुंचाने की बात कही गई, उनकी पहचान और भूमिका भी जांच के दायरे में है।
सौरभ चंद्राकर ने 15 और 18 नवंबर को PMLA के तहत दर्ज अपने बयानों में हिमांशु शेखर से मुलाकात और कथित लेनदेन का घटनाक्रम बताया है। जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2023 में दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित एक विला में सौरभ और हिमांशु की पहली मुलाकात हुई थी।
सूत्रों के मुताबिक, अक्टूबर 2023 के पहले सप्ताह में मुंबई की फिल्म निर्माण कंपनी कुरैशी प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड पर ईडी की छापेमारी के बाद दुबई में बैठक हुई थी। इस बैठक में महादेव एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, सह-प्रमोटर रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, हर्षवर्धन और हिमांशु शेखर शामिल हुए थे। आरोप है कि इस बैठक में हिमांशु ने प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को जांच एजेंसियों के सहयोग से खत्म कराने का भरोसा दिया था।
सूत्रों के अनुसार, अक्टूबर 2023 में हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपये दिए जाने का दावा किया गया है। इसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के माध्यम से अतिरिक्त नकदी पहुंचाने का भी आरोप है।
बताया गया है कि हिमांशु प्रमोटरों को भरोसा दिलाता था कि यह रकम भारत में उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जानी है। हालांकि, जांच एजेंसी के सामने अब यह स्पष्ट करना अहम है कि कथित तौर पर किन अधिकारियों तक रकम पहुंचाने की बात कही गई थी और क्या वास्तव में किसी तक पैसा पहुंचा था या फिर उनके नाम का इस्तेमाल कर वसूली की गई।
इस मामले में जांच एजेंसियों की गोपनीय जानकारी तक हिमांशु की कथित पहुंच भी जांच का अहम हिस्सा है। सौरभ चंद्राकर के बयान में लोटस365 डॉट कॉम से जुड़े पूर्व साझेदार और बुकी गिरीश तलरेजा की गिरफ्तारी का घटनाक्रम सामने आया है।
सौरभ के मुताबिक, तलरेजा से विवाद के बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। जब तलरेजा जयपुर से भोपाल पहुंचा, तब सौरभ और रवि उप्पल ने इसकी जानकारी हिमांशु को दी थी। आरोप है कि हिमांशु ने भोपाल के एक होटल में ठहरे तलरेजा की उसी दिन गिरफ्तारी होने की बात कही थी। कुछ घंटे बाद ईडी ने तलरेजा को गिरफ्तार कर लिया।
इस घटनाक्रम के बाद महादेव प्रमोटरों के बीच हिमांशु की विश्वसनीयता बढ़ने का दावा किया गया है। अब ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे गिरफ्तारी की जानकारी कैसे मिली थी। क्या यह महज संयोग था या उसे किसी माध्यम से पहले ही सूचना मिल गई थी? क्या उसके संपर्क में जांच एजेंसियों के कुछ अधिकारी थे? इन सवालों के जवाब जांच के दौरान तलाशे जा रहे हैं।
ईडी ने हिमांशु शेखर से जुड़े दिल्ली के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इनमें पंचशील पार्क स्थित उसका आवास और लाजपत नगर स्थित उसकी कंपनी यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय शामिल है। तलाशी के दौरान अधिकारियों को हाथ से लिखे कुछ नोट और पर्चियां मिली थीं। इनमें दिल्ली, मुंबई, हवाला और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़ी जानकारी होने की बात सामने आई है। ईडी इन पर्चियों में दर्ज रकम और नामों का मिलान सौरभ चंद्राकर के बयानों तथा कथित हवाला लेनदेन से कर रही है।
हिमांशु शेखर की कंपनी यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड का वित्तीय रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में है। ईडी के अनुसार, कंपनी का कारोबार वित्त वर्ष 2022-23 में करीब 52.66 लाख रुपये था, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर लगभग 15.55 करोड़ रुपये हो गया।
एक साल के भीतर कारोबार में हुई इस बढ़ोतरी की वजह जानने के लिए एजेंसी कंपनी के बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और अन्य लेनदेन की जांच कर रही है। ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कारोबार में वृद्धि के पीछे वास्तविक व्यावसायिक गतिविधियां थीं या महादेव प्रमोटरों से कथित तौर पर मिली रकम का भी कोई संबंध था।
ईडी ने हिमांशु के विदेश यात्रा रिकॉर्ड की भी पड़ताल की है। सूत्रों के अनुसार, वह अक्टूबर 2023 में दुबई गया था और कुछ दिनों बाद भारत लौटा था। इसके अलावा 2023 से 2025 के बीच उसकी कई दुबई यात्राओं की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि दुबई में वह सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और शुभम सोनी जैसे लोगों से मुलाकात करता था। एजेंसी इन यात्राओं और मुलाकातों का कथित वित्तीय लेनदेन से संबंध खंगाल रही है।
ईडी सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर ने दुबई में महादेव प्रमोटरों से मुलाकात की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने इन मुलाकातों को पेशेवर संबंधों तक सीमित बताया है।
हिमांशु का दावा है कि उसे वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपये और महादेव प्रमोटरों से बैंकिंग माध्यम के जरिए 40 लाख रुपये मिले थे। उसने 15 करोड़ रुपये और अन्य नकद भुगतान लेने के आरोपों से इनकार किया है। अब ईडी दोनों पक्षों के दावों का मिलान बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों, यात्रा रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों से कर रही है।
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में हिमांशु शेखर की गिरफ्तारी के बाद जांच के कई नए पहलू सामने आए हैं। ईडी के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि क्या हिमांशु ने प्रभावशाली संपर्कों का नाम लेकर प्रमोटरों से कथित तौर पर करोड़ों रुपये वसूले या उसके दावे के मुताबिक वास्तव में उसके संपर्क प्रभावशाली लोगों तक थे।
जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर ली गई रकम कहां से आई, किसके माध्यम से पहुंचाई गई और किन लोगों के नाम पर भुगतान किया गया। इसके साथ ही जांच एजेंसियों और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े लोगों तक पहुंच होने के दावों की वास्तविकता भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हिमांशु की पूछताछ और वित्तीय साक्ष्यों के मिलान से इस पूरे नेटवर्क की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।