
Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए।
इस मौके पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की पहचान बन चुकी है। उन्होंने बताया कि अब तक योजना के तहत 29 किस्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत हर माह पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,000 रुपये की सहायता राशि भेजी जा रही है। आज जारी की गई 29वीं किस्त के साथ अब तक योजना के तहत 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी सोच के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे के दौरान कई महिलाओं ने उन्हें बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। किसी ने इस पैसे से छोटा व्यवसाय शुरू किया, तो किसी ने सिलाई-कढ़ाई और स्वरोजगार अपनाया। वहीं कई परिवार इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ समय पर पहुंचे, इसके लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के अलावा राज्य सरकार 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं के जरिए भी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर परिवार और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से छत्तीसगढ़ में लागू है। इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। इस योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिलने के साथ परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम तथा स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।