रायपुर

Raipur Traffic Rules: ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, शराब पीकर गाड़ी चलाई तो 10 हजार जुर्माना, 2352 लाइसेंस सस्पेंड

Raipur Traffic Rules: शराब पीकर वाहन चलाने पर 10 हजार रुपये जुर्माने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस भी सस्पेंड किया जा रहा है। इस साल अब तक 2352 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए गए।
2 min read
Jul 26, 2026
Raipur Traffic Rules
ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन (photo AI Image)

Traffic Rules: राजधानी रायपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर अब केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा रही है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत इस वर्ष अब तक 2,352 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।

10 हजार रुपए तक का जुर्माना

यातायात पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जाता है। इसके साथ ही संबंधित चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी नियमानुसार निलंबित किया जा रहा है, ताकि दोबारा ऐसी लापरवाही न हो।

नशे में वाहन चलाने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई

यातायात पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष अब तक 2,164 वाहन चालकों के लाइसेंस केवल शराब पीकर वाहन चलाने के कारण निलंबित किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह है और इसे रोकने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

तेज रफ्तार और मोबाइल इस्तेमाल करने वाले भी नहीं बचे

पुलिस ने सिर्फ नशे में वाहन चलाने वालों पर ही नहीं, बल्कि अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों पर भी कार्रवाई तेज कर दी है।

निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 167 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए गए।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 21 वाहन चालकों के खिलाफ भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई।
इन सभी मामलों को मिलाकर अब तक 2,352 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।

सड़क सुरक्षा के लिए लगातार अभियान

यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या कम करने और लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर नियमित जांच के साथ ब्रेथ एनालाइजर के जरिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान की जा रही है।

ट्रैफिक डीसीपी अर्चना झा की अपील

ट्रैफिक डीसीपी अर्चना झा ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं, अपने परिवार और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रायपुर यातायात पुलिस भविष्य में भी यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह निरंतर और कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।

Updated on:
26 Jul 2026 11:46 am
Published on:
26 Jul 2026 11:28 am