कोंडागांव विधायक मोहन मरकाम (Mohan Markam) ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर जाकर नए प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाल ली है।
रायपुर. कांग्रेस के आदिवासी नेता और कोंडागांव विधायक मोहन मरकाम (Mohan Markam) ने शनिवार को औपचारिक रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर जाकर नए प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाल ली है। वहां मौजूद छत्तीसगढ़ के पूर्व पीसीसी चीफ एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने मोहन मरकाम को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीसीसी चीफ बनने पर मोहन मरकम को बधाई दी और उनके सहजता, सरलता एवं पार्टी के प्रति कर्मठता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, आशा है कि मोहन मरकाम (Mohan Markam) की अगुवाई में कांग्रेस की प्रदेश ईकाई सफलता की ओर और आगे बढ़ेगी। इस मौके पर छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया, मंत्री कवासी लखमा, शिव डहरिया, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
बतादें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोंडागांव विधायक मोहन मरकाम को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेशाध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने शुक्रवार को मरकाम की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया। इसके साथ ही नवम्बर 2000 में अस्तित्व में आई कांग्रेस की प्रदेश इकाई को पहला आदिवासी अध्यक्ष बस्तर से मिल गया है।
राहुल गांधी ने विगत सोमवार को मोहन मरकाम और भानुप्रतापपुर विधायक मनोज मंडावी को मुलाकात के लिए बुलाया था। दोनों नेताओं से 20-20 मिनट की अलग-अलग मुलाकातों में उन्होंने उनकी राजनीति और संगठन को लेकर उनकी समझ की समीक्षा की। इस मुलाकात के चार दिनों बाद मोहन मरकाम के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी गई। नियुक्ति आदेश जारी होने के तुरंत बाद मोहन मरकाम ने प्रदेशाध्यक्ष और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री बन जाने के बाद भूपेश बघेल ने केंद्रीय नेतृत्व के सामने किसी दूसरे नेता को प्रदेशाध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा था। लोकसभा चुनाव के पहले से प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति की कवायद चल रही थी। चुनाव की वजह से यह टलता रहा। उसी समय स्पष्ट हो गया था कि कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष आदिवासी समाज से ही आएगा।
Mohan Markam से जुड़ी खबरें यहां पढ़िए
Chhattisgarh से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter और Instagram पर या Download करें patrika Hindi News App.