रायपुर

PTI Teacher Recruitment 2026: 33 हजार से घटकर 5500 रह गई शिक्षक भर्ती, विज्ञापन से पीटीआई के सभी पद गायब! अभ्यर्थियों में नाराजगी

PTI Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती 2026 के विज्ञापन से व्यायाम शिक्षक (पीटीआई) के सभी पद गायब होने पर अभ्यर्थियों में नाराजगी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि विभागीय स्तर पर पद स्वीकृत होने और वर्षों से भर्ती का इंतजार करने के बावजूद विज्ञापन में एक भी पीटीआई पद शामिल नहीं किया गया।
2 min read
Aug 01, 2026
PTI Candidates Protest
विज्ञापन से पीटीआई के सभी पद गायब (फोटो सोर्स- AI)

रायपुर@अनुराग सिंह। Teacher Recruitment 2026: राज्य सरकार जहां एक ओर स्कूलों में योग और व्यायाम को अनिवार्य बनाने पर जोर दे रही है। बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए इनके लिए विशेष पीरियड की तैयारी में है। वहीं, नई भर्तियों में व्यायाम शिक्षक (पीटीआई) के पद ही शामिल नहीं किए जा रहे। जिससे तैयारी कर रहे व्यायाम शिक्षक अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी शिक्षक भर्ती विज्ञापन में व्यायाम शिक्षक का एक भी पद शामिल नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि विभागीय स्तर पर पद स्वीकृत होने के बाद भी विज्ञापन से व्यायाम शिक्षकों के पद गायब कर दिए गए।

2012 में 250 शिक्षकों की भर्ती निकली थी, उसके बाद 2019 में 745 पदों पर भर्ती निकाली गई थी जिसमें से 150 बैकलॉग हो गए। फिर सरकार बदलने और कोविड-19 महामारी के कारण लंबे समय तक नई भर्ती नहीं हो सकी। 2023 में शिक्षक भर्ती की घोषणा हुईं, शासन ने 1440 व्यायाम शिक्षक पद सृजित कर अगली भर्ती में शामिल करने की घोषणा की थी। लेकिन भर्ती विज्ञापन में पदों का कोई जिक्र न होने से वर्षों से भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों में नाराजगी है।

उनका कहना है कि वर्षों से हजारों अभ्यर्थी नौकरी छोड़कर और अन्य अवसरों का त्याग कर भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। अब अंतिम समय में पद समाप्त होने से उनका भविष्य संकट में पड़ गया है।

33 हजार से घटकर 5500 रह गए पद

अभ्यर्थियों ने बताया कि तत्कालीन शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने 33 हजार शिक्षक भर्ती की घोषणा की थी। इसके बाद कई बार संशोधन हुआ और पदों की संख्या घटते-घटते पहले 30 हजार, फिर करीब 16,500 और अब लगभग 5,500 रह गई है। वित्त विभाग ने व्यायाम एवं योग शिक्षा के लिए 300 पद स्वीकृत किए थे। लेकिन योग शिक्षा का सेटअप तैयार नहीं होने के कारण 146 योग शिक्षक पद समाप्त कर दिए गए।

बाकि 154 पद व्यायाम शिक्षक के लिए स्वीकृत रहे। अभ्यर्थियों का कहना है कि बाद में योग और कंप्यूटर शिक्षक के कुल 292 पद सहायक शिक्षकों को आवंटित कर दिए गए, जबकि पीटीआई के 154 पद यथावत रखे गए थे। अभ्यर्थियों के अनुसार, आरक्षण रोस्टर और सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त जानकारी में भी व्यायाम शिक्षक के 154 पदों का उल्लेख था।

2000 पीटीआई की आवश्यकता

छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा व्यायाम प्रशिक्षित संघ के अध्यक्ष हेमंत सार्वा, उपाध्यक्ष चेतन कुमार, सचिव मनोज यादव ने बताया कि लगभग 4500 स्कूल हैं जिनमें 3200 में पीटीआई का पद सृजित हैं। लगभग 1200 स्कूलों में पीटीआई हैं, हाल ही में 100 शिक्षकों को पीटीआई में प्रमोट किया गया है, कुल 1300 पीटीआई कार्यरत हैं। नियमानुसार हर स्कूल में एक पीटीआई होना अनिवार्य है, अभी करीब 2000 पीटीआई की आवश्यकता है।

व्यायाम शिक्षकों की भर्ती और पदोन्नति के लिए नए नियम बनाए जा रहे हैं जो अभी प्रक्रिया में हैं, नए नियम बनने के बाद भर्ती होगी। - ए एन बंजारा, उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय

Updated on:
01 Aug 2026 10:59 am
Published on:
01 Aug 2026 10:57 am