रायपुर

जल्द बदल जाएगी छत्तीसगढ़ के इस रेलवे स्टेशन की तस्वीर, यात्रियों को मिलेंगी कई नई सुविधाएं

Amrit Bharat Station Scheme: रायगढ़ रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कायाकल्प किया जा रहा है। स्टेशन पर आधुनिक प्रवेश द्वार, पार्किंग, वेटिंग हॉल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

2 min read
Jun 12, 2026
Raigarh Railway Station
Raigarh Railway Station: बदल जाएगी रायगढ़ रेलवे स्टेशन की तस्वीर(photo-patrika)

Raigarh Railway Station: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ रेलवे स्टेशन जल्द ही आधुनिक और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर सौंदर्यीकरण, आधारभूत ढांचे के उन्नयन और विभिन्न यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग, वेटिंग हॉल, प्रकाश व्यवस्था और पहुंच मार्ग को विकसित किया जा रहा है। विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों के साथ स्टेशन का दौरा किया और सभी कार्य जुलाई माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए।

Raigarh Railway Station Redevelopment: जुलाई तक पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्टेशन भवन, मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र, प्रतीक्षालय, सड़क संपर्क मार्ग, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से जुलाई माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहा कायाकल्प

रेलवे अधिकारियों के अनुसार रायगढ़ रेलवे स्टेशन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों में शामिल है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से आने वाले यात्रियों के लिए यह महत्वपूर्ण स्टेशन है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का उन्नयन किया जा रहा है, जिससे आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।

मुख्य प्रवेश द्वार और पार्किंग को मिलेगा नया स्वरूप

स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार को आधुनिक वास्तुशिल्प के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया जा रहा है, जहां अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। इससे यात्रियों को वाहन पार्किंग में सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

वेटिंग हॉल और यात्री सुविधाओं का विस्तार

रेलवे स्टेशन में बुकिंग कार्यालय का उन्नयन किया जा रहा है। प्रथम और द्वितीय श्रेणी यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेटिंग हॉल तैयार किए जा रहे हैं। बेहतर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जलभराव और पहुंच मार्ग की समस्या का समाधान

बरसात के दौरान होने वाले जलभराव को रोकने के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जा रही है। वहीं मुख्य सड़क से स्टेशन तक पहुंचने वाले मार्ग को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

12 करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रायगढ़ और बेलपहाड़ रेलवे स्टेशनों के विकास एवं उन्नयन के लिए कुल 12 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और यात्री सुविधाओं का विस्तार करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

जिले की पहचान से जुड़ा है स्टेशन का विकास

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि किसी भी जिले में आने वाले यात्रियों की पहली छाप रेलवे स्टेशन से बनती है। इसलिए स्टेशन का विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिले की पहचान और छवि से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

यात्रियों को मिलेगा बेहतर सफर का अनुभव

विकास कार्य पूरे होने के बाद रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहले से अधिक आधुनिक, आकर्षक और सुविधाजनक दिखाई देगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और जिले की पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी। रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप क्षेत्र के विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे का प्रतीक बनेगा।

Published on:
12 Jun 2026 01:37 pm