राजगढ़

दिल्ली वाले की कार 650 किमी दूर राजगढ़ में पकड़ाई, अंदर भरा था गांजा

Ganja Smuggling: ऑपरेशन शुद्धि में कोतवाली पुलिस और विशेष टीम की कार्रवाई, दिल्ली निवासी आरोपी कार समेत पकड़ाया, 11 लाख रुपए का मशरूका जब्त।
less than 1 minute read
• •
Oct 03, 2026
rajgarh ganja smuggling
ganja smuggling case 50 kg seized, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Source-Patrika)

Rajgarh Ganja Smuggling: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत राजगढ़ कोतवाली पुलिस और विशेष टीम ने 50.860 किलोग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे और कार की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपए है।

मुखबिर से मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार (एचआर03एन9967) में गांजा लेकर एक व्यक्ति ब्यावरा से राजगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया के नेतृत्व में टीम ने दण्ड जोड़ के पास वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद बताए मुखबिर के बताए हुलिए से मिलता जुलता व्यक्ति कार लेकर आते नजर आया। पुलिस को देखकर चालक ने कार रोककर गेट खोलकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

कार में मिला 50.860 किलो गांजा

कार की तलाशी लेने पर डिक्की और सीट के पीछे रखे कट्टों से 50.860 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपए और कार की कीमत 6 लाख रुपए बताई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीमसिंह पिता रेशमपाल (40) निवासी संजय कॉलोनी, ओखला फेस-2, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब गांजे के स्रोत और इसके परिवहन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई एसपी अमित तोलानी के निर्देशन में की गई। बता दें कि राजगढ़ जिले में इन दिनों पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन शुद्धि चलाया जा रहा है।

Updated on:
03 Oct 2026 04:01 pm
Published on:
03 Oct 2026 03:44 pm