
congress protest against chief election commissioner gyanesh kumar, विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेसी नेता (Source-Patrika)
Rajgarh Congress Protest: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को खिलचीपुर नाका पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेसी हाथों में तख्तियां लेकर ब्यावरा नाका मंगल भवन तक पहुंचे, जहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतले का दहन किया गया। इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी, बापूसिंह तंवर सहित जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इंदौर में पानी से 30 लोगों की मौत, बालाघाट में उपचार की कमी से बच्चों की मौत और सागर में जहरीली शराब से मौतों जैसे मुद्दों के बीच भाजपा नेता यात्राएं निकालने और स्वागत करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि राजगढ़ के विधायक और मंत्री भी स्वागत-सत्कार तथा संकल्प यात्राओं में लगे हैं। इस दौरान प्रियव्रत सिंह ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि जिले के पांचों विधायकों को चुल्लू भर पानी में डूब जाना चाहिए।
प्रियव्रत सिंह ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ के कार्यक्रम के बाद उन्हें नींद नहीं आई। इतने युवाओं को सरकार के खिलाफ देखकर सो नहीं पाए। हमारे जिले की एक लड़की सपना गुर्जर ने ‘छात्रों की गूंज’ में बात कर ली तो उसके घर पर फोन करने लगे, डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं। डराओगे, धमकाओगे तो डरेगा नहीं, यह जेन-जी है, तख्ता पलट कर देंगे। सुसनेर में पहुंचे तो वहां बोल रहे घंटी बजाएंगे। कभी लोगों की मौत पर घंटा कहते हैं, कभी घंटी, उनका दिमाग सठिया गया है, मानसिक संतुलन खराब हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान जिपं अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया ने कहा कि राजगढ़ के भाजपा नेता बेईमानी, जमीनों पर कब्जे और दलाली में नंबर वन हैं। जनता की बात होती है तो सारे चुप हो जाते हैं। बीमा की बात नहीं करते, रोजगार की बात नहीं करते, सोयाबीन को लेकर बात नहीं करते। जो अधिकारी सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार करेगा, उसे बड़ा पद मिलेगा और यहीं रखेंगे, जो ईमानदारी से काम करेगा, उसका ट्रांसफर करेंगे। एक वो चोर सीएमएचओ बैठी है, सरेआम रुपए लेते पकड़ी गई, फिर भी बैठी हुई है। ये अधिकारी जनता को लूटेंगे, फिर माननीयों को कमीशन देंगे। राजगढ़ के नेताओं थोड़ी शर्म कर लो, सेवा कर लो।
Updated on:
30 Sept 2026 05:53 pm
Published on:
30 Sept 2026 05:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
