
विप्र सेना का प्रदेश स्तरीय अधिवेशन (फोटो सोर्स: Patrika)
Rajgarh News : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में रविवार को विप्र सेना के प्रदेश स्तरीय अधिवेशन में संगठन और हिंदू एकजुटता का मुद्दा छाया रहा। इमली स्टैंड स्थित बालाजी गार्डन में आयोजित अधिवेशन में विप्र सेना के प्रदेशाध्यक्ष पंडित रोहित नागर ने दामोदर यादव पर सीधे निशाना साधते हुए तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि, ब्राह्मण समाज और करणी सेना को कमजोर समझने की भूल नहीं करनी चाहिए। नागर ने कहा, 'जिस दिन करणी सेना और विप्र सेना एक हो जाएगी, उस दिन तुझे कीचड़ में पटक देंगे।'
नागर ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा जात-पात मिटाने और सभी समाजों को साथ लेकर चलने की बात करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दामोदर यादव हिंदुओं में फूट डालने की बात करते हैं और बागेश्वर धाम के साधु-संतों व करणी सेना पर आरोप लगाते हैं।
नागर ने कहा कि उनका लक्ष्य सभी जातियों को साथ लेकर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम का भी यही संकल्प है और उनका भी जीवन का यही संकल्प है। उन्होंने विप्र सेना को मध्यप्रदेश का नंबर-1 संगठन बनाने की बात कही। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि भारत एक हो, हिंदू एक हो, क्योंकि बांटेंगे तो कटेंगे।" नागर ने कहा कि हिंदू एकजुट रहेंगे तो कोई हिंदुओं पर उंगली नहीं उठा सकेगा।
नागर ने मंच से कहा कि, जो लोग भारत में रहना चाहते हैं, उन्हें हिंदुओं का साथ देना होगा, अन्यथा उन्हें पाकिस्तान भेजे जाने की बात कही। इस बयान के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी जमकर नारे लगाए।
अधिवेशन से पहले झालावाड़ नाके से 50 से अधिक वाहनों का काफिला निकला। आगे पुलिस बल तैनात था, जबकि रोहित नागर की कार के आसपास सुरक्षा गार्ड चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह फूलों से स्वागत किया गया। काफिला बस स्टैंड, इमली स्टैंड, मंडी रोड और तहसील चौराहे से होते हुए बालाजी गार्डन पहुंचा।
अधिवेशन में जयपुर से विप्र सेना के राष्ट्रीय प्रभारी दिनेश दादिया और प्रदेशाध्यक्ष रोहित नागर सहित पदाधिकारी शामिल हुए। संत सत्यानंद त्यागी महाराज, दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष प्रेम ओझा, ईश्वर शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे। राजगढ़ के अलावा दिल्ली, गुना, नीमच, मनासा, झालावाड़, रतलाम, मंदसौर, उज्जैन, आगर, खानपुर, सुरनेर, भीलवाड़ा, इंदौर और तराना से पदाधिकारी व समाजजन पहुंचे।
Updated on:
27 Sept 2026 09:00 pm
Published on:
27 Sept 2026 09:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
