
(रिपोर्ट- लक्ष्मीनारायण यादव, ब्यावरा)
Minister Narayan Singh Panwar Warning : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में गुरु पूर्णिमा के दिन सभी स्कूलों सहित अन्य शिक्षा संस्थानों में कार्यक्रम हुए। ब्यावरा में सांदीपनि विद्यालय में आयोजित ऐसे ही एक कार्यक्रम के दौरान मंच से राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने चेतावनी दे डाली। उन्होंने सीईओ-डीईओ को चेताया कि दो दिन में कोचिंग बाज सरकारी शिक्षकों पर कार्रवाई करो, वरना मैं करूंगा।
मंत्री ने निजी कोचिंग चलाने और बच्चों को वहां आने के लिए मजबूर करने वाले सरकारी शिक्षकों पर जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए मंच पर मौजूद जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढ़पाले और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) श्रवण पाटीदार को ऐसे शिक्षकों पर दो दिन के भीतर ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री पंवार ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि विभाग ने कार्रवाई नहीं की, तो वे खुद मैदान में उतरकर सख्त कदम उठाएंगे।
उल्लेखनीय है कि पत्रिका ने पीएमश्री व सांदीपनि स्कूलों के शिक्षकों द्वारा निजी कोचिंग में पढ़ाने और छात्रों पर दबाव बनाने के मामले को प्रमुखता से उजागर किया था। जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के बाद अब मंत्री की सीधी सख्ती से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। अब सभी की नजरें अगले दो दिनों में होने वाली विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं।
शिक्षा व्यवस्था पर तल्ख लहजे में बोलते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरी जानकारी है कि नगर में कौन-कौन से सरकारी शिक्षक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बच्चों पर कोचिंग का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च कर सीएम राइज और सांदीपनि स्कूल इसलिए बनाए हैं, ताकि बच्चों को निजी स्कूलों और कोचिंग पर निर्भर न रहना पड़े। यदि सरकारी शिक्षक ही विद्यार्थियों को कोचिंग की तरफ धकेलेंगे, तो इन आधुनिक स्कूलों को बनाने का औचित्य ही खत्म हो जाएगा। सरकारी सेवा में रहते हुए निजी लाभ के लिए छात्रों का इस्तेमाल किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का इंतजार किए बिना खुद निगरानी करें।
महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व-2026 के इस कार्यक्रम में मंत्री पंवार ने गुरुजनों का सम्मान किया और विद्यार्थियों के बीच जाकर बैठकर संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु केवल ज्ञानदाता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रेरणास्रोत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार स्मार्ट क्लास, आधुनिक प्रयोगशाला और खेल सुविधाओं के माध्यम से शिक्षा में व्यापक बदलाव ला रही है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर और जिला पंचायत सीईओ ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान परिसर में पौधारोपण भी किया गया। आयोजन में जनप्रतिनिधि, डीईओ, प्राचार्य एसएन यादव और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।