26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बहन की सगाई टूटी तो राजगढ़ में बंदूक लेकर पहुंचे दो भाई, लड़के के रिश्तेदार के घर मचाया हंगामा

Engagement Dispute Firing: सगाई टूटने की रंजिश में लाइसेंसी बंदूक लेकर घर पहुंचे लड़की के भाई, फायरिंग से उछले कंक्रीट के टुकड़ों से एक युवक घायल।
2 min read
Google source verification
rajgarh

engagement dispute firing licensed rifle one injured, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Rajgarh Engagement Dispute Firing: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा के देहात थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम लसूड़िया डाबरिया में रिश्तेदारी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सगाई टूटने से नाराज लड़की के दो भाई लाइसेंसी 315 बोर बंदूक लेकर लड़के पक्ष के रिश्तेदार के घर पहुंच गए और गाली-गलौच करते हुए जमीन पर फायर कर दिया। गोली कंक्रीट की जमीन पर लगी, जिससे उछले पत्थर और कंक्रीट के एक टुकड़े से छत पर खड़े एक युवक के माथे पर चोट आई है। घायल को पहले ब्यावरा के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से भोपाल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है, रविवार को एक आरोपी को हिरासत में भी लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

बहन की सगाई टूटी तो भाइयों ने उठाई बंदूक

देहात थाना पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 8.30 बजे लसूडिया डाबरिया गांव में आरोपी भरत पिता दशरथ दांगी और भगवान सिंह दांगी बंदूक लेकर पहुंचे, जहां फरियादी कैलाश दांगी के घर के सामने गाली-गलौच करने लगे। घटना के समय कैलाश गांव में भंडारे में थे। फरियादी का कहना है कि गाली-गलौच की सूचना पर घर पहुंचे, तो आरोपी ने फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि फायर सीधे किसी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि कंक्रीट की जमीन पर किया गया। गोली लगते ही कंक्रीट के टुकड़े उछले और छत पर खड़े 25 वर्षीय नीतेश दांगी के माथे पर जा लगे, जिससे वह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपियों की बहन की सगाई कैलाशी दांगी के परिवार के लड़के से हुई थी लेकिन बाद में सगाई टूट गई थी।

एक आरोपी हिरासत में लिया गया

विवाद के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना के बाद आरोपी वहां से निकल गया। सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में फायर के कोई सबूत नहीं मिले हैं। वहीं 315 बोर बंदूक आरोपी भारत पिता दशरत दांगी के नाम लाइसेंसी होना सामने आया है। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और बंदूक जब्त करने सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी की बहन की सगाई उनके परिवार में कराई गई थी, लेकिन बाद में यह संबंध टूट गया। रकम भी लौटा दी है। इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच विवाद बना रहा। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने गांव पहुंच गाली-गलौच और विवाद किया।