
Rajgarh Newly Married Woman Death: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के अटेपुर गांव में शुक्रवार को 22 वर्षीय नवविवाहिता का बंद कमरे में जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास डीजल की प्लास्टिक की केन मिली। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है, जबकि पति का कहना है कि पत्नी ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका नानूबाई (22) निवासी उदियापुरा की शादी करीब तीन वर्ष पहले अटेपुर निवासी जगदीश तंवर से हुई थी। सूचना पर एसडीओपी धर्मवीर नागर और भोजपुर थाना प्रभारी अजय यादव मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका की मां रोड़ी बाई ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में आए दिन मारपीट होती थी। घटना से एक दिन पहले खाना बनाते समय एक रोटी जल गई थी। इसी बात पर पति ने जली हुई रोटी की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजकर अपमानित किया और विवाद किया। पिता भागचंद का कहना है कि उन्होंने गुरुवार को दामाद से बेटी को मायके छोड़ने के लिए कहा था, लेकिन उसने फोन काट दिया। शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि बेटी की मौत हो गई। उनका आरोप है कि पहले बेटी की हत्या की गई, फिर शव को जलाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
वहीं, पति जगदीश ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह घर से बाहर था। लौटने पर पत्नी को आग की लपटों में घिरा देखा और पानी डालकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। मायके और ससुराल पक्ष के बयानों सहित सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।