21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajgarh Suthalia Irrigation Project Protest: लिखित आश्वासन पर अड़े किसान, सातवें दिन भी नहीं टूटा अनशन, तीन किसानों की तबीयत बिगड़ी

Suthalia Irrigation Project: सुठालिया सिंचाई परियोजना के डूब प्रभावित किसानों का आंदोलन जारी, प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता बेनतीजा, सुठालिया में व्यापारी एसोसिएशन के ऐलान पर मंगलवार को बाजार बंद ।
2 min read
Google source verification
suthalia irrigation project farmers protest hunger strike

suthalia irrigation project farmers protest hunger strike, प्रदर्शन में शामिल लोगों की भीड़ (Source- Chander Singh Facebook page)

Rajgarh Suthalia Irrigation Project: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में सुठालिया सिंचाई परियोजना के डूब प्रभावित किसानों को चार गुना मुआवजा देने सहित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों का अनशन सोमवार को लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। किसानों से चर्चा कर आंदोलन खत्म कराने के लिए प्रशासन की ओर से एडीएम प्रताप सिंह और परियोजना के कार्यपालन यंत्री जेके ठाकुर अनशन स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनरत किसानों से चर्चा की, लेकिन डैम संघर्ष समिति अपनी मांगों पर लिखित आश्वासन देने की मांग पर अड़ी रही। प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिए जाने के कारण वार्ता बेनतीजा रही।

15 सितंबर से पानी के सहारे अनशन पर बैठे 9 किसान

15 सितंबर से नौ किसान केवल पानी के सहारे अनशन पर बैठे हैं। लगातार अनशन के कारण इनमें से अर्जुन सिंह गुर्जर, बालकृष्ण गुर्जर और जयपाल सिंह खींची की तबीयत बिगड़ने की जानकारी है। अनशन पर जयपाल सिंह खींची, सोमेंद्र सिंह लाला बना, प्रेम सिंह, बालकिशन, लाखन सिंह, जयसिंह लोधी टोडी, अर्जुन सिंह गुर्जरखेड़ी, निर्भय सिंह लोधी निवारा और माखन सिंह लोधी रघुनाथपुरा जिला गुना बैठे हैं।

पूर्व विधायक अनशन स्थल पहुंचे

पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी और ममता मीना भी सोमवार को अनशन स्थल पर पहुंचीं और किसानों से चर्चा की। वहीं करणी सेना जिलाध्यक्ष मयंक प्रताप सिंह और प्रदेश प्रवक्ता चंद्र प्रकाश सिंह ने आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि करणी सेना के प्रदेश प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर मंगलवार को सुठालिया पहुंचकर किसानों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचेंगे।

व्यापारी एसोसिएशन ने किया बाजार बंद का ऐलान

किसानों की मांगों के समर्थन में स्थानीय व्यापारी एसोसिएशन ने मंगलवार को एक दिन के लिए बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। किसानों ने व्यापारी समुदाय के साथ सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से मिल रहे समर्थन के लिए आभार जताया।