Female Naxalites Surrender: खैरागढ़ में 17 लाख की इनामी महिला नक्सली कमला सोड़ी उर्फ उंगी उर्फ तरुणा ने आईजी के सामने आत्मसमर्पण किया।
Female Naxalites Surrender: खैरागढ़ में पुलिस को फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां 17 लाख की इनामी महिला नक्सली कमला सोढ़ी उर्फ उंगी उर्फ तरुणा ने आईजी के सामने आत्मसमर्पण किया है। कमला वर्ष 2011 से नक्सली संगठन के विभिन्न दलमों में सक्रिय थी। वह अरलम पल्ली, कोंटा, डोरनापाल (सुकमा) क्षेत्र की रहने वाली है और कई नक्सली वारदातों में उसकी संलिप्तता रही है।
लंबे समय से पुलिस के रडार पर रही यह नक्सली महिला अब मुख्यधारा में लौट आई है। आईजी ने बताया कि सरकार की पुनर्वास नीति से प्रेरित होकर कमला ने हथियार छोड़ने का फैसला लिया है। आत्मसमर्पण करने पर उसे शासन की ओर से निर्धारित सहायता राशि और पुनर्वास योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इस कार्रवाई से सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा है और क्षेत्र में नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति स्थापना की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन की विकासोन्मुखी नीतियों, ग्रामीण अंचलों में तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों, सड़क और संचार सुविधाओं के विस्तार तथा सिविक एक्शन कार्यक्रमों के चलते अब नक्सल प्रभावित इलाकों में विश्वास और बदलाव का माहौल बन रहा है। सुरक्षा बलों द्वारा निरंतर संवाद और जनसंपर्क से नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
Female Naxalites Surrender: इसी मुहिम से प्रभावित होकर कमला सोड़ी ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। आत्मसमर्पण के बाद उसे शासन की नीति के तहत 50,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि तत्काल प्रदान की गई। साथ ही पुनर्वास नीति-2025 के अंतर्गत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।