Raid News: एसपी के निर्देश पर गठित 7 विशेष टीमों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में एक साथ छापेमारी कर करीब 32 लाख रुपये का चोरी का सामान जब्त किया।
CG Raid News: राजनांदगांव जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं और चोरी के सामान की अवैध खरीदी-बिक्री की शिकायतों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसपी अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश जिले में 7 विशेष टीमों का गठन कर मंगलवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में एक साथ रेड की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 32 लाख रुपये से अधिक का चोरी का सामान जब्त कर संगठित कबाड़ी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।
अभियान में राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में कोतवाली, सोमनी थाना और चिखली चौकी की टीमों ने भाग लिया। पुलिस की इस बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई से चोरी के संगठित नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ा है। एक ही दिन में 7 ठिकानों पर छापेमारी कर पुलिस ने यह संदेश दिया है कि अपराधियों के लिए अब जिले में कोई जगह सुरक्षित नहीं है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से कबाड़ी संचालकों में हडक़ंप मच गया है।
वहीं कोतवाली क्षेत्रांतर्गत लखोली स्थित मोहम्मद अनीश की दुकान पर टीम ने लगभग 500 किलोग्राम लोहे का पाइप, वाहनों के नंबर प्लेट, खाली गैस सिलेंडर आदि 1 लाख रुपये का सामान जप्त किया। थाना सोमनी के ग्राम जोरातराई स्थित अल्ताफ हुसैन के यार्ड से टीम ने ट्रक में भरा लगभग 15 लाख रुपये का लोहे का पाइप, एंगल, राड और विभिन्न वाहन पार्ट्स जप्त किए। सीएसपी वैशाली जैन के नेतृत्व में थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत कैलाश नगर स्थित मुस्ताक बिबा की दुकान से एल्युमिनियम के पाइप, डीजल एवं पानी पंप के इंजन और लोहे का वाइब्रेटर मशीन सहित 1 लाख रुपये के उपकरण बरामद हुए।
पुलिस ने शहर के चिखली क्षेत्रांतर्गत खैरागढ़ रोड स्थित सफीक खान उर्फ बैगा कबाड़ी के यार्ड, जिसे शेख शहबाज संचालित कर रहे थे। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव मंजुलता बाज की टीम ने लगभग 17,210 किलोग्राम वजन का लोहा और अन्य सामग्री जप्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 11 लाख रुपए है। चिखली चौकी क्षेत्र में ही उप निरीक्षक राकेश पटेल की टीम ने मोहम्मद इमरान खान के यार्ड से विभिन्न वाहनों के 27 नंबर प्लेट, 14 इंजन, चेसिस, ट्रैक्टर पार्ट्स और 120 पुराने व्हील सहित लगभग 5 लाख रुपए का सामान जप्त किया।
इसी अधिकारी के नेतृत्व में निरीक्षक सत्यानारायण देवांगन की टीम ने कंचन बाग चौक लखोली स्थित मोहम्मद सलीम की दुकान से लोहे का स्क्रैप, छड़, एंगल प्लेट, पुरानी साइकिल और बैटरी सेल सहित 75000 रुपए का सामान जप्त किया। ममता नगर स्थित रफीक के कबाड़ी दुकान पर टीम ने घरेलू एवं कमर्शियल सिलेंडर, लोहे का राड एवं अन्य सामग्री बरामद की। इस व्यापक अभियान में पुलिस ने लाखों रुपये का अवैध सामान जब्त किया है।