
अंबिकापुर एसीबी टीम की कार्रवाई (फोटो सोर्स- पत्रिका)
ACB Action: एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबिकापुर की टीम ने सोमवार को नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ में छापामार कार्रवाई करते हुए प्रभारी सीएमओ (राजस्व उप निरीक्षक) मो. ईशहाक खान और प्रभारी लेखापाल सुशील कुमार को 33 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को अंबिकापुर ले जाया गया है।
एसीबी के अनुसार, प्रार्थी चन्द्रमणी वर्मा निवासी आमाखेरवा, मनेन्द्रगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह “साईं कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर” के नाम से फर्म संचालित करता है। नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ के वार्ड क्रमांक-11 में रिटर्निंग वॉल और वार्ड क्रमांक-8 में सीसी सड़क निर्माण कार्य (लागत 5.90 लाख रुपए) का बिल भुगतान लंबित था।
आरोप है कि बिल भुगतान के बदले प्रभारी सीएमओ मो. ईशहाक खान और लेखापाल सुशील कुमार ने 9 प्रतिशत कमीशन के रूप में 53 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। पूर्व में कमीशन नहीं देने पर अन्य बिलों का भुगतान भी रोक दिया गया था।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी लेखापाल सुशील कुमार पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था। इसके बाद एसीबी ने 23 मार्च को ट्रैप प्लान किया। प्रार्थी को रिश्वत की शेष राशि 33 हजार रुपए लेकर नगर पालिका कार्यालय भेजा गया। जैसे ही प्रार्थी ने आरोपियों को रकम सौंपी, एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। सीएमओ को उसके निवास से और लेखापाल को कार्यालय से गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।वहीं एसीबी की इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में खलबली देखी गई।
Updated on:
23 Mar 2026 08:46 pm
Published on:
23 Mar 2026 08:46 pm
