
Chhattisgarh News: स्कूल से आकर छोटी के साथ मस्ती करूंगा। शायद यही वो आखिरी शब्द रहे होंगे जब भाई स्कूल बस में बैठ रहा था। इसके बाद जो हुआ इलाके के लोगों का दिल दहला। दरअसल स्कूल बस ने दो साल की बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर चोट लगने से घटना स्थल पर ही मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों की चीख पुकार सुनकर पहुंचे अन्य लोगों ने जमकर हंगामा किया। जिसके चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया।
मानपुर विकासखंड के खडग़ांव थाना क्षेत्र स्थित ग्राम घोटिया में स्कूल बस ने दो साल की युवानसी नरेटी को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार बच्ची अपने परिजनों के साथ भाई को स्कूल बस तक छोड़ने के लिए गई थी। इस दौरान फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल के ड्राइवर ने बस को रिवर्स किया, जिससे मासूम चपेट में आ गई। दो साल की युवानसी नरेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
Chhattisgarh News: घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी। वहीं 5 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया। जिसके बाद सड़क पर यातायात सुचारू रूप से जारी हुआ।
पुलिस ने स्कूल बस को खड़गांव थाना लाकर सुपुर्द कर दिया है। एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने मामले को लेकर कहा कि घटना को लेकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इधर ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर दो महीने मुआवजा नहीं दिया जाता है तो ग्रामीण स्कूल के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे।