राजसमंद

Rajasthan: मुकेश अंबानी ने श्रीनाथजी मंदिर में किए दर्शन, 100 कमरों वाले सेवा सदन के निर्माण की घोषणा की

दर्शन के दौरान मुकेश अंबानी ने गोस्वामी विशाल बावा के साथ धर्म, अध्यात्म और पुष्टिमार्गीय सेवा पर विशेष चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आधुनिक सेवा सदन के निर्माण की घोषणा की।
less than 1 minute read
Nov 07, 2025
mukesh ambani
सफेदी महल में मुकेश अंबानी का स्वागत (फोटो-पत्रिका)

राजसमंद। देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी शुक्रवार को नाथद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्टिमार्गीय प्रधान पीठ प्रभु श्रीनाथजी की हवेली पहुंचकर भगवान श्रीनाथजी के दर्शन किए और भोग आरती में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने परंपरागत विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

हवेली में युवाचार्य गोस्वामी विशाल बावा (भूपेश कुमार) ने परंपरा अनुसार मुकेश अंबानी का स्वागत किया। उन्हें सफेदी महल में फेंटा बांधकर, रजाई और ऊपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्हें श्रीजी का प्रसाद भेंट किया गया। मंदिर की परंपरा के अनुरूप यह पूरा आयोजन श्रद्धा और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ।

अध्यात्म पर की चर्चा

दर्शन के दौरान मुकेश अंबानी ने गोस्वामी विशाल बावा के साथ धर्म, अध्यात्म और पुष्टिमार्गीय सेवा पर विशेष चर्चा की। उन्होंने श्रीजी प्रभु की सेवा, राग, भोग और श्रृंगार के भावपूर्ण स्वरूप को करीब से जाना और कहा कि श्रीनाथजी की नगरी में आकर उन्हें अद्भुत शांति और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हुई।

आधुनिक सेवा सदन की घोषणा

चर्चा के दौरान मुकेश अंबानी नाथद्वारा में आधुनिक वरिष्ठ वैष्णव सेवा सदन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने बताया कि एक ऐसा सदन बनाया जाएगा, जिसमें करीब 100 कमरे होंगे। सदन के अंदर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और शुद्ध आहार की व्यवस्था की जाएगी। साथ सदन के अंदर ही चिकित्सा व्यवस्था के लिए अस्पताल भी होगी। सत्संग के लिए एक बड़ा सभागार बनाया जाएगा। यह सदन 24 घंटे संचालित होगा।

ये लोग रहे उपस्थित

इस मौके पर मंदिर प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण भंडार अधिकारी सुधाकर उपाध्याय, मंदिर मंडल के सीईओ जितेंद्र पांडे, मुख्य सलाहकार अंजन शाह, सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, नाथद्वारा डीएसपी दिनेश सुखवाल, मंदिर पीआरओ गिरीश व्यास, पंड्याजी परेश नागर सहित कई वैष्णवजन उपस्थित थे।

Updated on:
07 Nov 2025 10:18 pm
Published on:
07 Nov 2025 10:18 pm