Azam Khan ने Lok Sabha में BJP MP rama Devi को देखकर की थी आपत्तिजनक टिप्‍पणी रामपुर की सपा ( SP ) की महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने किया Azam Khan का बचाव कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) और बहुजन समाज पार्टी ( BSP ) की नेत्रियों ने साधा निशाना
समाजवादी पार्टी की रूही खान
सपा ( SP ) की महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रूही खान का कहना है, आजम खान ( Azam Khan ) के बयान को लेकर जो विरोध और प्रदर्शन हो रहा है, भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) के लोग उन पर तमाम तरह के आरोप लगा रहे हैं। यह सिर्फ और सिर्फ आजम खान को परेशान करने के लिए कर रहे हैं। आजम खान ने कोई ऐसा बयान नहीं दिया है, जिससे किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंची हो। उन्होंने ही कहा था कि आप इधर देख कर बात कीजिए। उसी बात को लेकर कोई ऐसी बात आजम खान की जुबान से नहीं निकली है, जिसको लेकर इतना बतंगड़ बनाया जा रहा है। आजम खान मुसलमान है इसलिए उनके साथ ऐसा किया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी की मंजू देवी
रामपुर भाजपा की महिला मोर्चे की अध्यक्ष मंजू देवी ने कहा, आजम खान ने पहले भी महिलाओं पर अमर्यादित टिप्पणियां की हैं। इसको लेकर आजम खान पर शिकंजा भी कसा गया है। मुकदमे दर्ज हुए हैं। रामपुर में ही नहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उनके खिलाफ उनकी भाषा शैली को लेकर एफआईआर दर्ज हुई हैं। रामपुर में तो हाल फिलहाल में उनके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट फाइल की गई है। चुनाव के दौरान जया प्रदा के लिए अभद्र भाषा का उन्होंने प्रयोग किया था। इसको लेकर अफसरों ने मुकदमा दर्ज करवाया है। कल कोर्ट में चार्जशीट फाइल हो गई। आजम खान नहीं समझ रहे कि वह क्या बोल रहे हैं। आजम खान को चाहिए कि जो बोल रहे हैं, उसे पहले समझें, बाद में बोलें। अब उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) की सरकार है। यह कानून का पालन कराना जानती है। आजम खान अगर गलत व गंदा बोलेंगे तो केस दर्ज कराया जाएगा।
कांग्रेस की पूर्व सांसद नूर बानाे
कांग्रेस ( Congress ) की पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने कहा, आजम खान जब भी बोलते हैं तो गंदा ही बोलते हैं। असभ्य भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इन सब चीजों को लेकर शिकंजा कसा जाना चाहिए। मैं उनके इस बयान की निंदा करती हूं। उन्होंने पार्लियामेंट में एक महिला के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया है। ऐसा कभी नहीं करना चाहिए। इसके लिए उन्हें सजा भी मिलनी चाहिए। जब उनको उनके किए की सजा मिलेगी तभी वह सुधरेंगे। इससे पहले वह सुधरने वाले नहीं हैं क्योंकि आजम खान पहले से ही महिलाओं के खिलाफ गंदी घटिया टिप्पणी करते रहे हैं।
बहुजन समाजवादी पार्टी की शैला खान
रामपुर बसपा ( BSP ) की महिला मोर्चा अध्यक्ष शैला खान का कहना है, हम तो अभी उनके साथ गठबंधन में खड़े थे। हमारी मजबूरी थी कि हमारी पार्टी मुखिया ने उनके साथ गठबंधन किया था। आजम खान गठबंधन के लायक नहीं हैं। अमर्यादित टिप्पणी करते हैं। गंदा बोलते हैं। इन सब चीजों को लेकर उनके खिलाफ एक्शन होना चाहिए। मैं और हमारी पार्टी की जितनी भी महिलाएं हैं, सब उनके बयान की निंदा करती हैं। हम उनसे उम्मीद करती है कि वह आगे से ऐसे बयान महिलाओं के लिए न दें। साथ ही जो बयान दिया है, उसको लेकर उनके खिलाफ एक्शन भी लिया जाना चाहिए।