रामपुर

रामपुर में युवक की हत्या मीट पहुंचाने के विवाद में पीट-पीटकर मारा

Rampur Murder Case: यूपी के रामपुर में मीट डिलीवरी के मामूली विवाद में दोस्त ही जान के दुश्मन बन गए। युवक को शराब पिलाकर डंडे से पीट-पीटकर मार डाला और शव नाले में फेंक दिया। पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा। पढ़ें पूरा मामला...

2 min read
Jun 18, 2026
Wajid arrest Rampur, youth murdered in Rampur
रामपुर में झगड़े के बाद हत्या कर शव फेंका | फोटो सोर्स- patrika.com

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक बहुत ही हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां सिर्फ मीट पहुंचाने की बात पर हुए एक छोटे से झगड़े में एक युवक की हत्या कर दी गई। दो दोस्तों ने मिलकर पहले तो अपने ही साथी को जमकर शराब पिलाई और फिर डंडों से पीट-पीटकर उसे मार डाला। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए लाश को बोरे में बंद किया और कार से ले जाकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने इस कत्ल का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

नाले में बोरे के अंदर बंद मिली थी लाश

यह पूरी घटना 15 जून को तब सामने आई जब पटवाई थाना इलाके के रेहटगंज में बनी नई पुलिया के पास, राधाकृष्ण गौशाला के सामने एक गंदे नाले में बोरे से लिपटी हुई एक अज्ञात लाश बरामद हुई। नाले में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में सामने आया कि युवक की मौत शरीर से बहुत ज्यादा खून बहने और गहरे सदमे के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर लगाए पोस्टर, तब हुई पहचान

शुरुआत में पुलिस के सामने सबसे बड़ी दिक्कत यह थी कि मरा हुआ युवक कौन है। इसके लिए पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुख्य बाजारों में मृतक के फोटो वाले पोस्टर लगाए। सोशल मीडिया और मुखबिरों की मदद से मृतक की पहचान 'पहाड़ी' नाम के युवक के रूप में हुई। जांच में पता चला कि पहाड़ी रामपुर की एक मीट की दुकान पर काम करता था, जिसको शेरू वाल्मीकि नाम का इंसान चलाता था।

मीट पहुंचाने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस ने जब गहराई से जांच की तो चौंकाने वाली बात सामने आई। 12 जून को दुकान पर ग्राहक तक मीट पहुंचाने को लेकर पहाड़ी का शेरू और वाजिद नाम के दो लोगों से झगड़ा हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने पहाड़ी को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।

पहले पिलाई शराब, फिर डंडों से उतारा मौत के घाट

बदला लेने के लिए आरोपियों ने एक प्लान बनाया। उन्होंने पहले पहाड़ी को बुलाया और उसे खूब शराब पिलाई। जब पहाड़ी नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तो शेरू और वाजिद ने लकड़ी के डंडे से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों उसे तब तक पीटते रहे, जब तक उसकी जान नहीं निकल गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए उन्होंने लाश को बोरे में भरा और अपनी कार से ले जाकर नाले में फेंक दिया।

दोनो आरोपी गिरफ्तार, कार और डंडा भी बरामद

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों (शेरू वाल्मीकि और वाजिद) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा और शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई क्विड कार को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।