रामपुर

चुनाव से पहले शिवपाल यादव को बड़ा झटका, अखिलेश यादव की बल्ले-बल्ले

रामपुर लोकसभा सीट से शिवपाल यादव की पार्टी के उम्मीदवार का नामांकन खारिज
2 min read
• •
Updated: 6 Apr 2019, 12:02 PM IST
Akhilesh Yadav and Shivpal Yadav
चुनाव से पहले शिवपाल यादव को बड़ा झटका, अखिलेश यादव की बल्ले-बल्ले

रामपुर. 2019 लोकसभा चुनाव के लिए रामपुर सीट पर इस बार बेहद अहम मुकाबला होने जा रहा है, क्योंकि भाजपा ने यहां फिल्म अभिनेत्री जय प्रदा आैर सपा ने आजम खान को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है। बता दें कि इस सीट पर कुल 17 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के बाद पांच उम्मीदवारों के पर्चे खारिज हो गए हैं। जिन प्रत्याशियों के नामांकन खारिज हुए हैं, उनमें सबसे अहम नाम शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) लोहिया से संजय सक्सेना का है। इसके बाद माना जा रहा है कि इसका सीधा फायदा अब समाजवादी पार्टी प्रत्याशी आजम खान को होगा।

बता दें कि रामपुर लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में मतदान होना है, जिसके लिए गुरुवार तक प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इसके बाद शुक्रवार को सभी उम्मीदवारों के नामांकन की जांच हुर्इ तो प्रगतिशील समाजवादी पार्टी प्रत्याशी संजय सक्सेना समेत पांच प्रत्याशियों के नाम खारिज कर दिए गए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी टांडा घनश्याम त्रिपाठी ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि प्रसपा प्रत्याशी संजय सक्सेना ने महज चार प्रस्तावक ही दिए, जबकि उन्हें दस प्रस्तावक देने थे। इसलिए उनका पर्चा खारिज कर दिया गया है।

इनके नामांकन भी हुए खारिज

सहायक रिटर्निंग अधिकारी टांडा घनश्याम त्रिपाठी ने बताया इसी तरह जांच के दौरान जन सेवा सहायक पार्टी के उम्मीदवार जगत सिंह की आेर से दिए गए प्रस्तावकों में खुद का नाम भी दे दिया। इसलिए उनका पर्चा भी खारिज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इनके अलावा मुस्लिम मजलिस उत्तर प्रदेश के उम्मीदवार मोहम्मद आजम सैफी, निर्दलीय प्रत्याशी कृपाल सिंह आैर संजय कुमार अरोड़ा का पर्चा भी खारिज कर दिया गया है। इनके भी प्रस्तावक कम थे। साथ ही प्रविष्टियाें को गलत भरा गया था। इस तरह अब रामपुर के रण में 17 में से अब 12 प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में हैं।

Published on: