
बसपा के कद्दावर नेता का दावा, इस सीट पर जब्त होगी भाजपा प्रत्याशी की जमानत, देखें वीडियो-
बिजनौर. बिजनौर लोकसभा सीट पर पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होगा। इसको लेकर सभी दल के प्रत्याशी जनता के बीच जाकर उन्हें रिझाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व सांसद मुनकाद अली ने एक निजी बैंक्वेट हॉल में गठबंधन के बसपा प्रत्याशी मलूक नागर के समर्थन में प्रेसवार्ता की। वहीं इससे पहले उन्होंने मलूक नागर के साथ कई स्थानों पर लोगों से बसपा को वोट देने की अपील की।
बसपा कद्दावर नेता मुनकाद अली ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि आज पहली बार मैं बिजनौर लोकसभा क्षेत्र में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लिए प्रचार-प्रसार करने आया हूं। इस दौरान मुनकाद अली ने कहा कि गठबंधन के सभी दल के लोग गठबंधन बसपा प्रत्याशी मलूक नागर को जीत दिलाने के लिए चुनावी मैदान में जाकर लोगों से वोट की अपील कर रहे हैं। सपा, आरएलडी और बसपा के सभी कार्यकर्ता हमारे साथ क्षेत्र में जाकर प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं। मुनकाद अली ने कहा कि जिस तरह से लोगों का रुझान देखने को मिला है, उससे लगता है कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की कहीं जमानत जब्त न हो जाए। इसके अलावा उन्होंने अन्य कई चुनावी मामले पर चर्चा की। बता दें कि गठबंधन ने इस लोकसभा सीट से एक बार फिर 2014 में चुनाव लड़े बीएसपी प्रत्याशी मलूक नागर को टिकट दिया है। 2014 में मलूक नागर तीसरे नंबर पर रहे थे। उस दौरान यह सीट भाजपा के खाते में गई थी।
Updated on:
3 Apr 2019, 6:49 PM IST
Published on:
3 Apr 2019, 6:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.