
रतलाम. शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर तहसील पिपलौदा में पदस्थ परिवीक्षाधीन पटवारी रजनीश राज रैगा की परिवीक्षा समाप्त करते हुए कलेक्टर अजय कटेसरिया ने उन्हें पद से पृथक किया है। जबकि सैलाना के 16, आलोट के 22 तथा जावरा के 15 परिवीक्षाधीन पटवारियों सहित कुल 53 पटवारियों को अंतिम नोटिस जारी किए है। अब तक पांच पटवारियों की सेवा समाप्ति कर दी हैं।
रैगा की नियुक्ति अनुकंपा के आधार पर हुई थी। इससे पूर्व स्वामित्व योजना के कार्यों में लापरवाही के आधार पर चार पटवारियों को बर्खास्त किया गया था। सैलाना के 16, आलोट के 22 तथा जावरा के 15 परिवीक्षाधीन पटवारियों सहित कुल 53 पटवारियों को अंतिम चेतावनी पत्र जारी कर कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने का अवसर दिया गया है।
सुधार नहीं होने पर सेवा समाप्त करने की कार्रवाई
यह अवसर संबंधित कर्मचारियों के लिए अपने दायित्वों के प्रति गंभीरता दिखाने, कमियों को दूर करने और सेवाभाव के साथ कार्य करने का अंतिम मौका है। शासकीय सेवा कर्मचारी और उसके परिवार की आजीविका तथा भविष्य से जुड़ी होती है। वहीं उस सेवा पर अनेक नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्भर रहते हैं। इसी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ संबंधित पटवारियों से अपेक्षा की गई है कि वे चेतावनी को गंभीरता से लें और अपने कार्य में तत्काल सुधार सुनिश्चित करें। सुधार नहीं होने पर इनकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
जनसेवा के दायित्वों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं
कलेक्टर कटेसरिया ने कहा कि वे संवेदनशीलता के साथ समझते हैं कि नौकरी प्राप्त करना कठिन होता है और उससे कर्मचारी तथा उसके परिवार की अनेक आशाएँ जुड़ी होती हैं। लेकिन शासकीय सेवा के साथ जनता के प्रति जिम्मेदारी और राज्य शासन के निर्देशों का पालन करने का दायित्व भी जुड़ा है। इसलिए शासन के आदेशों की अवहेलना और सौंपे गए कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
कलेक्टर ने कहा कर्तव्यनिष्ठा प्रदर्शित करने का अवसर
कटेसरिया ने कहा कि परिवीक्षा अवधि अपनी कार्यक्षमता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा प्रदर्शित करने का अवसर होती है। यदि कोई शासकीय सेवक इसी अवधि में स्वेच्छाचारिता बरतता है और अपने दायित्वों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाता, तो उससे आगामी 30-35 वर्षों तक जिम्मेदार सेवा की अपेक्षा करना उचित नहीं होगा। ऐसे मामलों में प्रारंभिक स्तर पर ही सेवा समाप्ति का निर्णय लेना आवश्यक है।
रिक्त पदों पर पात्र आवेदकों को अनुकंपा नियुक्ति देने की कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर कटेसरिया ने जिले में लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सेवा से पृथक किए गए पटवारियों के रिक्त पदों पर अनुकंपा नियुक्ति के पात्र आवेदकों को नियुक्ति देने की प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जाए, ताकि आश्रित परिवारों को सहारा मिल सके और रिक्त पदों पर आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।