8 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रतलाम के 383 किसानों को 5 रुपए में बिजली कनेक्शन

5 रुपए में बिजली कनेक्शन से किसानों को राहत, रतलाम के 383 किसानों को मिला लाभ, लाइन विस्तार की जरूरत नहीं होने पर ऑनलाइन आवेदन के बाद तेजी से जारी हो रहे स्थाई कनेक्शन, शेष राशि किश्तों में जमा
2 min read
Google source verification
electricity connection for ₹5 news ratlam

5 रुपए में बिजली कनेक्शन से किसानों को राहत, रतलाम के 383 किसानों को मिला लाभ, लाइन विस्तार की जरूरत नहीं होने पर ऑनलाइन आवेदन के बाद तेजी से जारी हो रहे स्थाई कनेक्शन, शेष राशि किश्तों में जमा

रतलाम। किसान कल्याण वर्ष में किसानों को सिंचाई के लिए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बड़ी पहल की है। कंपनी ने मालवा-निमाड़ क्षेत्र में अब तक 8735 किसानों को महज 5 रुपए जमा कर स्थाई बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। इनमें रतलाम जिले के 383 किसान शामिल हैं।

बिजली कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के अनुसार, किसानों से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। जिन स्थानों पर कनेक्शन देने के लिए नई लाइन के विस्तार की आवश्यकता नहीं है, वहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद त्वरित रूप से कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य किसानों को कनेक्शन के लिए शुरुआती दौर में बड़ी राशि जमा करने की परेशानी से राहत देना है। नियमानुसार शेष राशि किसानों से किश्तों में जमा कराई जाती है।

आठ जिलों में 6500 किसानों को मिला लाभ
कंपनी के मुताबिक इंदौर राजस्व संभाग के आठ जिलों में 6500 से अधिक किसानों को इस योजना का लाभ मिला है। उज्जैन जिले में करीब 600, जबकि उज्जैन संभाग में करीब 2200 किसानों को 5 रुपए में स्थाई बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। रतलाम के 383 किसानों को भी इसका लाभ मिला है।

14 लाख किसानों को सिंचाई के लिए बिजली
मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी स्तर पर करीब 14 लाख किसानों को सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इन किसानों को शासन के नियमानुसार बिजली पर सब्सिडी भी दी जाती है। कंपनी का कहना है कि कम राशि में कनेक्शन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से किसानों को सिंचाई सुविधा से जोडऩे में तेजी आएगी।

9 से 23 अक्टूबर तक बिजली शिकायत शिविर
आम उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए 9 से 23 अक्टूबर तक विभिन्न स्थानों पर सुबह 11 से शाम 4.30 बजे तक शिकायत निराकरण शिविर लगाए जाएंगे। रतलाम जिले में दूधिया में 9 अक्टूबर, गोंदीधरमसी में 16 अक्टूबर और ढोढर में 23 अक्टूबर को शिविर आयोजित होगा।

दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर ले लाभ
शिविर में ट्रांसफार्मर संधारण, पोल-तार एवं केबल सुधार, ट्रांसफार्मर क्षमता विस्तार, बिल सुधार, स्थाई कनेक्शन विच्छेदन, नवीन बिजली कनेक्शन, भार में कमी या वृद्धि, पंचनामा संबंधी कार्य तथा बकाया बिल भुगतान जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं से संबंधित दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायतों एवं बिजली संबंधी कार्यों का निराकरण कराने का अनुरोध किया है।