
रतलाम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान प्रगतिशील पांच किसानों से मालवी में चर्चा कर उपस्थित अतिथियों के साथ किसानों को भी खूब हंसाया। उन्होंने कहा भाई मालवी में बात करों, फिर क्या था एक के बाद एक पांचों किसानों ने आधुनिक खेती, बागवानी, दुग्ध उत्पादन एवं दूध घी प्लांट सहित विभिन्न नवाचारों के बारे में जानकारी मालवी में ही मुख्यमंत्री ली और सब को प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रतलाम में कृषि क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यहां की धरती अद्भुत है। किसान परंपरागत खेती से आगे बढकऱ नई फसलों और तकनीकों को अपना रहे हैं। अब इस बदलाव को और गति देने की जरूरत है। किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि बिजली की समस्या से राहत मिले। साथ ही जैविक और प्राकृतिक खेती को अभियान के रूप में बढ़ावा दिया जाए।
38 मिनट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े सीएम
मुख्यमंत्री बुधवार को उज्जैन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महू-नीमच रोड कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से जुड़े। करीब 38 मिनट के संवाद में उन्होंने जिले के पांच प्रगतिशील किसानों से मालवी में बातचीत कर उनकी खेती के प्रयोगों की जानकारी ली।
किसानों से की सीएम ने चर्चा
प्राकृतिक खेती कर रहीं रेखा व्यास, अमरूद उत्पादक कन्हैयालाल पाटीदार, लहसुन-प्याज उत्पादक धर्मेंद्र जाट, गुलाब उत्पादक प्रवीण सिंह और किसान दिलीप पाटीदार से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के अनुभव जाने और उन्हें प्रोत्साहित किया।
चंबल का पानी लाने की संभावनाओं पर काम हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि रतलाम की पहचान कालिका माता की नगरी के साथ सेंव, अंगूर और कृषि उत्पादों के लिए भी है। जिले में अंगूर की खेती और इससे जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। एक जिला-एक उत्पाद के तहत भी बेहतर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि चंबल का पानी लाने की संभावनाओं पर काम हो रहा है। किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। नदी जोड़ो परियोजनाओं और आठ लेन सडक़ से कृषि, फूड प्रोसेसिंग और उद्योगों को नई संभावनाएं मिलेंगी।
गोवर्धन पूजा के दिन वृंदावन गांव में पशु नस्ल प्रतियोगिता
दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर अजय कटेसरिया को गोवर्धन पूजा के दिन वृंदावन गांव में पशु नस्ल प्रतियोगिता कराने के निर्देश दिए। प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपए होगा। उन्नत किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। मंडी परिसर में 16 स्टॉलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
खेती के साथ बागवानी में भी रतलाम में अपार संभावनाएं
मंत्री चैतन्य काश्यप ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए कहा कि जिले में खेती के साथ-साथ बागवानी के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिकों का सहयोग एवं उपयोगी जानकारी मिल रही है, जो किसानों के लिए अत्यंत लाभदायक है।
जनसुनवाई जैसे कार्यों की सराहना
जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने कहा कि क्षेत्र में ग्रीन एक्सप्रेस-वे की घोषणा, बेहतर मार्केटिंग व्यवस्था तथा जन विश्वास के माध्यम से जनसुनवाई जैसे कार्यों की सराहना की। ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर ने भी आयोजन की तारीफ करते हुए अपनी बात रखी।
आ गए आप आओ राम-लक्ष्मण बैठों…
किसानों से संवाद के दौरान जब महापौर प्रहलाद पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय कार्यक्रम में पहुंचे और खड़े होकर सीएम का अभिवादन करने लगे तो उन्होंने कहा कि आ गए आप आओ राम-लक्ष्मण बैठों…बहुत अच्छा। इसके पूर्व भी सीएम ने मंच के सामने मौजूद अतिथियों से चर्चा के दौरान महापौर को याद किया, लेकिन उनके नहीं होने पर उन्होंने कहा कि कोई बात नहीं वे अभी अपना मैरिज गार्डन संभाल रहे और नगर निगम चला रहा हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शंभुलाल चंद्रवंशी, महापौर प्रहलाद पटेल, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर अजय कटेसरिया, एसपी अमित कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, डीडीए भगवानसिंह अर्गल, उद्यानिकी विभाग मंगलसिंह डोडवे, आत्मा से निर्भयसिंह नर्गेश सहित प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।