रतलाम

रतलाम मंडी में प्याज के भाव 600 रुपए तेज

आवक कम होने से पश्चिमी बंगाल, बिहार, पंजाब से बढ़ी मांग। आवक घटने से किसानों-व्यापारियों को आगे और तेजी की उम्मीद। वर्तमान में कृषि उपज मंडी में प्रतिदिन 600-700 ट्रॉली प्याज आ रहा है, जबकि यह आंकड़ा लगभग एक हजार ट्रॉली होना चाहिए था।
2 min read
Jun 25, 2026
Onion market ratlam news
आवक कम होने से पश्चिमी बंगाल, बिहार, पंजाब से बढ़ी मांग। आवक घटने से किसानों-व्यापारियों को आगे और तेजी की उम्मीद।

रतलाम. शहर की मंडी में इन दिनों प्याज दिन पर दिन लाल होता जा रहा हैं। देसी प्याज के भाव में तेजी का रुख लगातार बने रहने से व्यापारी और किसान खुश हैं। बुधवार को प्याज के भाव में 300 रुपए और गुरुवार 600 रुपए का उछाल दर्ज किया।

महू-नीमच रोड कृषि उपज मंडी में प्याज की आवक कम है, जबकि पश्चिमी बंगाल, बिहार और पंजाब जैसे बाहरी राज्यों से इसकी मांग अधिक है। इस कारण किसानों और व्यापारियों को आगे और तेजी की उम्मीद है।

गुणवत्ता वाले प्याज का भाव 3000 रुपए प्रति क्विंटल
मंडी में 22 जून को भाव 510 से 2380 रुपए प्रति क्विंटल थे। बुधवार को 790 से 2690 रुपए प्रति क्विंटल के भाव रहे। गुरुवार को मंडी खुलने पर न्यूनतम भाव 779 रुपए और अच्छी गुणवत्ता वाले प्याज का भाव 3000 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। जून की पहली तारीख को प्याज के भाव 365 से 1735 रुपए प्रति क्विंटल थे। वर्तमान में कृषि उपज मंडी में प्रतिदिन 600-700 ट्रॉली प्याज आ रहा है, जबकि यह आंकड़ा लगभग एक हजार ट्रॉली होना चाहिए था।

50 रुपए प्रति किलो तक जाने की संभावना
गर्मी के कारण कुछ किसानों का प्याज खराब हुआ है और अब स्टॉक का प्याज आना शुरू हुआ है, जिससे भाव में सुधार देखा जा रहा है। यदि यही स्थिति रही तो प्याज के भाव 50 रुपए प्रति किलोग्राम तक जाने की संभावना है। बुधवार को प्याज का औसत भाव 1690 रुपए प्रति क्विंटल रहा। लहसुन की आवक 783 क्विंटल दर्ज की गई, जिसके भाव 1800 से 24500 रुपए प्रति क्विंटल रहे और औसत भाव 10051 रुपए प्रति क्विंटल रहा।

रतलाम मंडी आ रही अच्छा प्याज
प्याज व्यापारी रितेश बाफना ने बताया कि प्याज कम आ रहा हैं, रतलाम महू-नीमच रोड कृषि उपज मंडी से हर दिन प्याज पश्चिमी बंगाल, असम, दिल्ली, हरियाणा के अलावा बिहार-पंजाब तक पहुंचाया जा रहा हैं। व्यापारियों की माने तो बाहरी राज्यों में मांग अधिक हैं। राजस्थान में भी प्याज बिगड़ा है, इस कारण माल हल्का हैं, अन्य मंडियों की तुलना में रतलाम में अभी माल ठीक आ रहा हैं। आगे ओर भाव में तेजी आने की संभावना हैं।

दिनांक भाव आवक
25 जून 779/3000 11579
24 जून 790/2690 15624
22 जून 510/2380 15500
20 जून 405/2501 13460
19 जून 610/2541 13752
18 जून 621/2551 19268
16 जून 560/2481 9268
15 जून 305/2005 9392

Published on:
25 Jun 2026 10:30 pm