
रतलाम। जिला अभिभाषक संघ, रतलाम के सहयोग से एक विशेष शिविर का आयोजन पुराने जिला अभिभाषक संघ के पुराने हॉल परिसर में 24 जून को किया जा रहा हैं। यहां सुबह 11 से शाम 4 बजे तक आयोजित शिविर में अधिवक्ताओं को दो लाभ योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
शिविर में अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारी संघ के सदस्यों के लिए एक विशेष बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों को वित्तीय समावेशन और विभिन्न सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है।
2 लाख तक दुर्घटना बीमा कवर
जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि शिविर में प्रधानमंत्री जन-धन योजना के अंतर्गत शून्य बैलेंस पर बैंक खाते खोले जाएंगे। इन खाताधारकों को रुपे डेबिट कार्ड की सुविधा प्रदान की जाएगी और नियमानुसार 2 लाख तक का दुर्घटना बीमा कवर भी उपलब्ध रहेगा। यह सुविधा खाताधारकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी। यह शिविर 24 जून बुधवार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक जिला अभिभाषक संघ के पुराने हॉल में आयोजित होगा।
पात्र व्यक्तियों का पंजीयन
शर्मा ने आगे बताया कि शिविर में भारत सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। पात्र व्यक्तियों का पंजीयन और योजनाओं से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी शिविर में उपलब्ध रहेगा।
दस्तावेजों के साथ पहुंचे अधिवक्ता
राकेश शर्मा ने सभी अधिवक्ता साथियों एवं न्यायालय कर्मचारी संघ के सदस्यों से अपील की है कि वे अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस महत्त्वपूर्ण बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें। शिविर का स्थान जिला अभिभाषक संघ, न्यायालय परिसर, रतलाम स्थित पुराना हॉल है।