
रतलाम। रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह इन दिनों नाराज चल रही हैं, उनकी ये नाराजगी अलग-अलग विभागीय बैठकों में खुलकर सामने आ रही हैं। कभी शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर अपनी नाराजगी जाहीर करती है तो कभी राजस्व विभाग पर, ताजा मामले में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान रतलाम कलेक्टर के कढ़े तेवर देखकर अधिनस्थ भी हैरान रह गए।
कलेक्टोरेट कार्यालय में कलेक्टर मिशा सिंह ने लापरवाही बरतने पर दो एएनएम के निलंबन का प्रस्ताव प्रस्तुत करने और कम उपलब्धि वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
रोटेशन आधारित ड्यूटी लगाने के निर्देश
कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सक और नर्सिंग अधिकारी की रोटेशन आधारित ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। यह ड्यूटी शहरी स्वास्थ्य केंद्र और मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक दोनों पर लागू होगी। कलेक्टर ने गर्भवती माताओं के प्रथम त्रैमास में पंजीयन कर आवश्यक देखभाल, नवजात शिशुओं की गृह भेंट आधारित देखभाल तथा हाई रिस्क गर्भवती माताओं में एनीमिया के लिए संदर्भ सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
शत प्रतिशत टीकाकरण सेवाएं प्रदान करने के निर्देश
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को आंकड़ों का आदान-प्रदान कर आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बच्चों को पोषण आहार, गर्भवती एवं प्रसूता माताओं को स्तनपान परामर्श तथा शत प्रतिशत टीकाकरण सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।
पोषण पुनर्वास केंद्रों पर भी चिकित्सकों की व्यवस्था
पोषण पुनर्वास केंद्रों पर भी चिकित्सकों की व्यवस्था कर स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करने को कहा गया। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत रेड क्रॉस के माध्यम से अतिरिक्त पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की व्यवस्था करने का निर्णय किया गया।
कार्ड बनवाने के निर्देश
70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना अंतर्गत शिविर आयोजित कर कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए गए। गैर संचारी रोग कार्यक्रम में हितग्राहियों का बीपी, शुगर जांच कर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम में अच्छा कार्य करने वाले दो एएनएम को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का निर्णय किया गया।