रतलाम

रतलाम के जगन्नाथ-मुरलीधर-शिव-पार्वती-राधा-कृष्ण रूपों में श्रीगणेश

शुभ मुहूर्त में गौरीसुत श्रीगणेश का मंगल प्रवेश। आतिशबाजी-पुष्पवर्षा के बीच निकले भव्य चल समारोह, गली-मोहल्लों से पांडाल तक छाया गणेशोत्सव का उल्लास
3 min read
Ganesh Chaturthi Anant Chaturdashi news 1 ratlam
शुभ मुहूर्त में गौरीसुत श्रीगणेश का मंगल प्रवेश। आतिशबाजी-पुष्पवर्षा के बीच निकले भव्य चल समारोह, गली-मोहल्लों से पांडाल तक छाया गणेशोत्सव का उल्लास

रतलाम। शहर सोमवार को शुभ मुहूर्त में गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया…के जयघोष से गूंज उठा। अवसर था भगवान शिव-माता गौरी के नंदन प्रथम पूज्य श्रीगणेश के जगन्नाथ, मुरलीधर, शिवलिंग आदि अनेक रूपों में मंगल प्रवेश आगमन का। रिमझिम फुहारों के बीच छोटी से लेकर विशालकाय प्रतिमाएं ढोल-ढमाकों के साथ जैसे ही पांडालों में पहुंची 12 दिवसीय गणेशोत्सव का उल्लास शहरभर में छा गया।

गणेश चतुर्थी के साथ शुरू हुआ 12 दिवसीय गणेशोत्सव अब शहर में रोज नए रंग बिखेरेगा। सुबह-शाम पांडालों में आरती, पूजन और प्रसादी के साथ धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों का दौर चलेगा। अलग-अलग क्षेत्रों में सजे आकर्षक पांडाल और विविध स्वरूपों में विराजे गणपति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं।

उड़ा रंग गुलाल-आतिशबाजी बरसे फूल
सुबह से देर शाम तक विभिन्न क्षेत्रों में गणेश प्रतिमाओं के चल समारोह निकले। कहीं बैलगाड़ी और ट्रैक्टर पर बप्पा विराजे तो कहीं बग्गी-रथ और दुपहिया वाहनों से प्रतिमाएं स्थापना स्थल तक पहुंचीं। गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया… के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। भक्त ढोल की थाप पर झूमते नजर आए। रास्तों में आतिशबाजी के साथ पुष्पवर्षा हुई और कई जगह रंग-गुलाल भी उड़ा। अखाड़ों के पहलवानों ने शस्त्रकला का प्रदर्शन कर चल समारोह में रोमांच बढ़ाया।

श्रीगणेश के अनेक रूपों में दर्शन
शहर में गणेश प्रतिमाएं इस बार अलग-अलग आकर्षक स्वरूपों में स्थापित की गई हैं। कहीं शिव-पार्वती के साथ तो कहीं मोहन मुरली बजाते हुए गणेशजी विराजमान हैं। कहीं शिवलिंग स्वरूप तो कहीं लालबाग के राजा और मूषक सिंहासन पर विराजे बप्पा आकर्षण का केंद्र बने हैं। नगर निगम परिसर, जवाहर नगर चिंताहरण, सिद्ध क्षेत्र ऊंकाला के बड़े गणपति, रामगढ़, चांदनीचौक और गणेश देवरी सहित विभिन्न स्थानों पर पूजन, हवन, आरती और प्रसादी के आयोजन हुए।

यहां से निकले चल समारोह
अम्बर परिवार की ओर से गणेश प्रतिमा का चल समारोह राम मंदिर चौराहे से शुरू कर आमलिया भेरूजी मंदिर जवाहर व्यायामशाला परिसर पहुंचा। मध्य में कलाकारों ने शस्त्रकला का प्रदर्शन किया। प्रतिमा स्थापना कर आरती की गई। समता परिसर सोमेश्वर महादेव मंदिर में शाम मिट्टी के गणपति की स्थापना की जाएगी। नवनिर्माण हिन्द व्यायामशाला परिवार ने भगवान गणेश की प्रतिमा को घोड़ा बग्गी सवार कर पांडाल लेकर पहुंचें।

गणेश उत्सव की तैयारियों का अपर कलेक्टर ने किया निरीक्षण
गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, सिटी मजिस्ट्रेट संजय शर्मा तथा सीएसपी ने शहर का भ्रमण किया। इस दौरान गणेश उत्सव के दौरान जहां-जहां झांकियां रखी जाती हैं, उन सभी स्थानों का निरीक्षण किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। भ्रमण के दौरान झांकी आयोजकों एवं लोगों को यातायात बाधित नहीं होने देने तथा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने की समझाइश दी गई। गणेश उत्सव लगातार 10 दिन तक आयोजित होगा। उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए शहर में 12 अस्थाई चौकियां बनाई गई हैं।

नगर निगम चिन्ताहरण गणेश मंदिर में हुई गणपति स्थापना
नगर निगम स्थित चिन्ताहरण गणपति मंदिर पर गणेश चतुर्थी पर बेन्ड-बाजे, ढोल-ढमाके एवं आतिशबाजी के साथ रिद्धी सिद्धी के दाता भगवान गणेश प्रतिमा लाया गया। प्रतिमा का चल समारोह आम्बेडकर मांगलिक भवन पोलोग्राउण्ड शुरू होकर नगर निगम परिसर पहुंचा, यहां पूजन वंदन कर आरती की गई। इस मौके पर नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, सामान्य प्रशासन समिति प्रभारी धर्मेन्द्र व्यास, क्षेत्रिय पार्षद हीना मेहता, पार्षद प्रतिनिधि हार्दिक मेहता, गौरव त्रिपाठी सहित निगम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

भाजपा कार्यालय में मंगलमूर्ति की स्थापना
भाजला जिला मुख्यालय पैलेस रोड पर मंगलमूर्ति की विधि-विधान से घट स्थापना की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय एव पार्टी पदाधिकारियों ने पूजन-अर्चन कर आरती का लाभ लिया। जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रहलाद राठौर, जुबिन जैन, कोषाध्यक्ष पवन सोमानी, मंत्री राजेंद्र पाटीदार, कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, जिला सह मीडिया प्रभारी नीलेश बाफना, नीरज बरमेचा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला अभिभाषक संघ की श्रीगणेश की स्थापना
जिला अभिभाषक संघ ने प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की स्थापना पूरे विधि-विधान एवं धार्मिक आस्था के साथ की। इस अवसर पर जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष राकेश शर्मा, सचिव चेतन केलवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। विशेष न्यायाधीश चुणावत, न्यायाधीश रामजी गुप्ता सहित न्यायालय के अनेक अधिवक्ता मौजूद थे। समिति के राजीव ऊबी, जेपी भट्ट एवं मनीष शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन सुबह-शाम पूजन एवं आरती की जाएगी। 19 सितंबर को भजन संध्या एवं भंडारे का आयोजन होगा।

आरडीए कार्यालय में श्रीगणेश की पूजा-अर्चना
विकास प्राधिकरण कार्यालय में भगवान गजानन की स्थापना एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्षद्वय गोविंद काकानी, प्रवीण सोनी तथा संचालक मंडल पदयात्रा करते हुए भगवान गणेश की प्रतिमा लेकर कार्यालय पहुंचे। मंत्रोच्चार के बीच भगवान गजानन का पूजन-अर्चन कर प्रतिमा की स्थापना की गई। इस अवसर पर संचालक मंडल के राजेंद्र सिंह गोयल, राजेंद्र मौर्य, धीरज व्यास, राखी व्यास, किरण महावर, सचिन हरित, राजेंद्रसिंह पवार, राजेश उपाध्याय आदि मौजूद थे।

Updated on:
14 Sept 2026 10:46 pm
Published on:
14 Sept 2026 10:41 pm