
रतलाम। शहर के टैगोर कॉलोनी अलकापुरी निवासी रोहित कछावा को अब किसी दूसरे की मदद नहीं लेना पड़ेगी, उसके लिए अटल सभागृह में लगा शिविर खुशियों की सौगात लेकर आया। रोहित के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी इस बात की गवाही दे रही थी कि अब उसे आत्मविश्वास की नई राह मिल गई हैं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत अलकापुरी स्थित कम्युनिटी हॉल (अटल सभागृह) में आयोजित शिविर दिव्यांग रोहित कछावा, निवासी टैगोर कॉलोनी, अलकापुरी के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। चलने-फिरने में असमर्थ रोहित को शिविर में ट्राईसिकल प्रदान की गई। ट्राईसिकल मिलते ही उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी, जब रोहित को एसडीएम तरुण जैन ने ट्रॉइसिकल सौंपी।
हमेशा चुनौतीपूर्ण रही राह अब आसान
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले रोहित के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। चलने में असमर्थता के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी दूसरों की सहायता पर निर्भर रहना पड़ता था। मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में उनकी जरूरत को समझते हुए उन्हें ट्राईसिकल उपलब्ध कराई गई।
आसानी से आवागमन कर सकेंगा रोहित
ट्राईसिकल मिलने के बाद रोहित ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उनके लिए घर से बाहर आना-जाना काफी आसान हो जाएगा। पहले कहीं आने-जाने में काफी परेशानी होती थी और दूसरों की मदद लेनी पड़ती थी, लेकिन अब वे अधिक आसानी से आवागमन कर सकेंगे।
आत्मविश्वास की नई राह
रोहित के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी इस बात की गवाही दे रही थी कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं और जनविश्वास जैसे शिविर जरूरतमंद लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रहे हैं। उनके लिए यह ट्राईसिकल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की नई राह है।
पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के माध्यम से शासन-प्रशासन द्वारा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। रोहित कछावा की कहानी इसी जनकल्याणकारी पहल की एक प्रेरक मिसाल है, जहां एक छोटी-सी सहायता ने उनके जीवन में बड़ी सुविधा और चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला दी।
हितग्राहीमूलक योजनाओं का मंच से सीधे हितलाभ प्रदान, युवा उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को अलकापुरी स्थित कम्युनिटी हॉल (अटल सभागृह) में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की गई। शिविर का उद्देश्य आमजन को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सहज एवं सरल रूप से उपलब्ध कराना रहा। शिविर में नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, एल्डरमैन प्रभु नेका, डीआईजी निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, रतलाम शहर आयुक्त अनिल भाना, रतलाम शहर एसडीएम तरुण जैन सहित जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, आम नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।