रतलाम

प्रदेश के रतलाम जिले का पहला 200 एमवीए पॉवर ट्रॉंसफार्मर

रबी सीजन में मिलेगी बेहतर विद्युत व्यवस्था, ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा एमपी ट्रांसको ने रतलाम में 38 वर्ष पुराने पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर स्थापित किया 200 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर
2 min read
MP Transco Power System news ratlam
रबी सीजन में मिलेगी बेहतर विद्युत व्यवस्था, ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा एमपी ट्रांसको ने रतलाम में 38 वर्ष पुराने पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर स्थापित किया 200 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर

रतलाम. उत्तरी मालवा क्षेत्र की विद्युत पारेषण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हुए रतलाम के 220 केवी सबस्टेशन की क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि की है। इससे रबी सीजन में बेहतर विद्युत व्यवस्था मिलेगी। नए पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने के साथ ही रतलाम जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढकऱ 2165 एमवीए की हो गई है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने बताया कि रतलाम सबस्टेशन में वर्ष 1988 में स्थापित सेकंड जेनरेशन के 160 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर नए थर्ड जेनरेशन तकनीक आधारित 220/132 केवी वोल्टेज स्तर का 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया है।

रतलाम जिले का पहला 200 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर
ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया कि रतलाम जिले में पहली बार इतनी उच्च क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। इससे क्षेत्र की विद्युत पारेषण व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी तथा आगामी रबी सीजन के दौरान किसानों और अन्य उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मालवा क्षेत्र का 5वां और प्रदेश का 19वां 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर
एमपी ट्रांसको रतलाम -मंदसौर के अधीक्षण अभियंता वाय आर मांडलेकर ने बताया कि रतलाम में ऊर्जीकृत हुआ यह पावर ट्रांसफार्मर प्रदेश का 19 वां 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर है। मालवा क्षेत्र में इस क्षमता का यह पांचवां पावर ट्रांसफार्मर है। इसके स्थापित होने से रतलाम 220 केवी सबस्टेशन की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढकऱ 520 एमवीए हो गई है।

जिले का 28 वां पावर ट्रांसफार्मर
उन्होंने बताया कि यह रतलाम जिले का 28वां पावर ट्रांसफार्मर है। एमपी ट्रांसको जिले में अपने 10 सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण व्यवस्था का संचालन कर रही है। इनमें 220 केवी के रतलाम, जावरा एवं सैलाना सबस्टेशन तथा 132 केवी के रतलाम, सैलाना, शिवगढ़, ताल, आलोट और बिलपांक सबस्टेशन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त नगरा में एक स्विचिंग सबस्टेशन भी संचालित है। नए पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने के साथ ही रतलाम जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढकऱ 2165 एमवीए की हो गई है।

Updated on:
28 Sept 2026 11:00 pm
Published on:
28 Sept 2026 10:58 pm