
Rewa Mahadevan Kund Accident: मध्यप्रदेश के रीवा में दोस्त का बर्थ डे मनाने गए दो युवक सेल्फी लेने के दौरान गहरे कुंड में समा गए। घटना के बाद एसडीआरएफ टीम ने सर्चिंग कर दोनों युवकों के शवों को बरामद किया है, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस जांच कर रही है। दोनों युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ एक युवक का बर्थ-डे मनाने के लिए महादेवन कुंड पर पहुंचे थे और इसी दौरान सेल्फी लेते वक्त पैर फिसलने से गहरे कुंड में जा गिरे और डूबने से उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक मनगवां क्षेत्र से करीब 12 की संख्या में युवक शनिवार को पिकनिक मनाने महादेवन कुंड में गए थे। कुंड में मस्ती कर रहे दो युवक आशीष पिता राजकुमार 18 वर्ष व आशीष पिता सूर्यमणि 17 वर्ष सेल्फी लेने के लिए नीचे उतर गए। वहां पर पत्थर गीला था और उस पर काई भी लगी हुई थी, इस कारण उनका पैर फिसल गया और दोनों कुंड के गहरे पानी में गिर गए।
दोनों युवकों ने कुंड में गिरने के बाद मदद के लिए शोर मचाया, किनारे पर मौजूद अन्य युवकों ने भी शोर मचाया, जिसे सुनकर स्थानीय लोग पहुंच गए। लेकिन कुंड में पानी का बहाव इतना ज्यादा था कि कोई भी दोनों युवकों को बचा नहीं पाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को सूचना दी, जिसके बाद एसडीआरएफ जवानों ने कुंड में सर्चिंग शुरू की। करीब तीन घंटे बाद दोनों युवकों के शवों को कुंड में बरामद किया गया। रस्सी के सहारे बांधकर उनको ऊपर खींचा गया। घटना की सूचना पर रोते बिखलते परिजन भी महादेवन कुंड पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में पैर फिसलने से हादसे की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी रीना सिंह ने बताया कि कुछ युवक बर्थ डे मनाने के लिए महादेवन कुंड आए थे जिनमें से दो युवक पैर फिसलने से कुंड में समा गए। जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। सर्चिंग के दौरान उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। जांच के बाद ही घटना के कारण सामने आ पाएंगे।
महादेवन कुंड को प्रशासन पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने के लिए चिंहित कर चुका है। इसके बाद भी यहां पर सुरक्षा इंतजाम शून्य हैं। न तो रेलिंग लगी है और न ही खतरों से पर्यटकों को सचेत करने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद रहता है। अनजाने में लोग खतरनाक स्थानों में चले जाते हैं और हादसे का शिकार होते हैं।