खबर की मुख्य बातें- -उत्तर प्रदेश की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है -सभी पार्टियां इस चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी है -भाजपा भी पूरी तरह से तैयारियों में जुटी है
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सहारनपुर पहुंच रहे हैं। गंगोह उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन भी बेहद सतर्क दिखाई दे रहा है। हेलीपैड से लेकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल तक पिछले 3 दिनों से चेकिंग चल रही है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर गुरुवार को एक तरफ भाजपा के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, आयुष मंत्री धर्मसिंह सैनी, सांसद प्रदीप समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की। तो वहीं एसएसपी और जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। एसपी सिटी विनीत भटनागर को सुरक्षा टीम का प्रभारी बनाया गया है। वहीं जिले में विपक्षी पार्टी के नेताओं की भी नजर इस दौरे पर है। जानकारों का कहना है कि विपक्षी इस पर चर्चा कर रहे हैं कि सीएम योगी किन मुद्दों पर लोगों को लुभाएंगे।
लगाई जाएगी इतनी फोर्स
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए मेरठ जोन से पुलिस फोर्स मंगाई गई है। 300 से अधिक कॉन्स्टेबल हमें मिले हैं। दो एसपी, 3 एडिशनल एसपी, 18 थानाध्यक्ष और ट्रैफिक कर्मचारियों के अलावा तीन कंपनी पीएसी बाहर से आ रही हैं। इस फोर्स के साथ-साथ सहारनपुर जनपद का फोर्स भी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगाया गया है।
जनसभा को करेंगे संबोधित
इस बाबत जानकारी देते हुए मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 6 सितम्बर को गंगोह आ रहें है। जहां वह लाभार्थियों का सम्मेलन, प्रदर्शनी का लोकार्पण कर एक जनसभा को सम्बोधित भी करेंगे। आने वाले उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है।