सम्भल

संभल में बड़ा सड़क हादसा: मामा-भांजी समेत 3 की जान गई, 3 की हालत गंभीर, मचा कोहराम

Sambhal Accident: संभल के गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लखनऊ के कारोबारी, उनकी भांजी समेत तीन लोगों की मौत हो गई।

3 min read
Jun 10, 2026
sambhal ganga expressway scorpio crash lucknow family three dead
संभल में बड़ा सड़क हादसा | Image - X

Ganga Expressway Scorpio Accident:यूपी के संभल जिले के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक खुशहाल परिवार की जिंदगी बदलकर रख दी। जम्मू-कश्मीर की सैर कर लखनऊ लौट रहा परिवार अचानक दुर्घटना का शिकार हो गया। स्कॉर्पियो कार डिवाइडर से इतनी जोरदार टकराई कि उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में लखनऊ के एक कारोबारी, उनकी भांजी और एक अन्य महिला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

ड्राइवर को आई झपकी बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमरोहा और संभल की सीमा के पास पहुंचते ही वाहन चालक को नींद की झपकी आ गई। कुछ ही सेकंड की लापरवाही ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे सभी लोग घायल हो गए।

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के तुरंत बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार में फंसे लोग दर्द से चीखते रहे। पीछे से गुजर रहे वाहन चालकों ने मानवता का परिचय देते हुए राहत कार्य शुरू किया और तत्काल पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

11 लोग थे स्कॉर्पियो में सवार

हादसे के समय स्कॉर्पियो में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें सात बच्चे भी शामिल थे। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को संभल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल कई लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया। वर्तमान में तीन घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

कारोबारी समेत तीन लोगों की मौत

इस हादसे में मृतकों की पहचान लखनऊ निवासी कारोबारी अबूबकर (40), हिना (28) पत्नी उमर और जुनेरा (15) पुत्री आरिफ के रूप में हुई है। अबूबकर लखनऊ के चौक क्षेत्र स्थित अकबरी गेट के निवासी थे और चप्पलों के कारोबार से जुड़े हुए थे। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं हिना और जुनेरा ने मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जम्मू-कश्मीर यात्रा से लौट रहा था परिवार

परिजनों के अनुसार, परिवार लगभग 10 दिन के जम्मू-कश्मीर दौरे पर गया था। दो गाड़ियों में कुल 18 लोग इस यात्रा पर निकले थे। हालांकि किसी कारणवश परिवार ने तय समय से पहले लौटने का निर्णय लिया और यात्रा के आठवें दिन ही लखनऊ वापस आ रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटने से कुछ घंटे पहले ही इतना बड़ा हादसा उनका इंतजार कर रहा है।

खुशियों भरी यात्रा मातम में बदली

जो परिवार कुछ समय पहले तक कश्मीर की वादियों में घूमकर खुशियां मना रहा था, वही परिवार अब गहरे सदमे में है। अबूबकर अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके बच्चों में अफ्फान, आफीफा और साद शामिल हैं। वहीं हिना के दो बच्चे मोहम्मद और हादिया हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

अपर ने बताया कि मेरठ से लखनऊ जा रही स्कॉर्पियो गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकरा गई थी। कार में 11 लोग सवार थे। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से कुछ को गंभीर हालत के चलते उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।