सम्भल

संभल में सांसद चंद्रशेखर आजाद पर आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल, भीम आर्मी ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

Sambhal News: यूपी के संभल में सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष ने आरोपी युवक के खिलाफ थाना बनियाठेर में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
2 min read
Mar 10, 2026
sambhal insult post chandrashekhar azad case
संभल में सांसद चंद्रशेखर आजाद पर आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल..

Chandrashekhar azad insult case: संभल जिले में सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ अभद्र और जातिसूचक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

थाना बनियाठेर क्षेत्र से जुड़ा मामला

बताया जा रहा है कि यह मामला संभल जिले की चंदौसी तहसील के थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव देवरखेड़ा का है। भीम आर्मी के चंदौसी तहसील अध्यक्ष विकास कुमार ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि गांव निवासी अनमोल खटीक पुत्र रामौतार ने सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ सोशल मीडिया पर जातिसूचक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की भाषा न केवल अपमानजनक है बल्कि समाज में तनाव पैदा करने वाली भी है।

इंस्टाग्राम आईडी से जारी किया गया वीडियो

शिकायत के अनुसार आरोपी युवक ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘Anmol-Khatik-76’ से एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें सांसद के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। भीम आर्मी के पदाधिकारियों का कहना है कि इस वीडियो से संगठन के कार्यकर्ताओं और सांसद से जुड़े लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका आरोप है कि इस तरह के पोस्ट से सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंच सकता है और समाज में अनावश्यक तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

सांसद की भूमिका पर उठाए सवाल

आरोप है कि युवक ने दिल्ली में हुए तरुण हत्याकांड का हवाला देते हुए सांसद चंद्रशेखर आजाद पर तीखी टिप्पणी की। वीडियो में उसने सवाल उठाया कि इस मामले में न्याय की मांग करने के लिए कोई आगे क्यों नहीं आया और सांसद ने इस घटना पर आवाज क्यों नहीं उठाई। साथ ही उसने यह भी कहा कि इस मामले में केवल भाजपा और हिंदूवादी संगठनों की ओर से ही आवाज उठाई जा रही है। इस टिप्पणी को लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है।

थाना प्रभारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की

इस मामले में थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष की ओर से युवक अनमोल खटीक के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में सांसद चंद्रशेखर आजाद के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की जांच में जुटी हुई है।

Updated on:
10 Mar 2026 08:06 pm
Published on:
10 Mar 2026 08:06 pm