सम्भल

भांजे की शादी में जा रहे मामा की हादसे में मौत; शादी की खुशियां मातम में बदलीं, संभल में टेंपो ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर

Sambhal Accident: संभल में शादी की भात रस्म में शामिल होने जा रहे तीन युवकों की बाइक को तेज रफ्तार टेंपो ने टक्कर मार दी। इस हादसे में गौरव कुमार (22) की मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई ओमवीर और साथी सोमवीर गंभीर रूप से घायल हो गया।

2 min read
Jun 19, 2026
sambhal road accident youth death two injured marriage ritual
सांकेतिक इमेज- पत्रिका

Sambhal Road Accident: संभल जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को गम में बदल दिया। थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव मुडिया खेड़ा निवासी गौरव कुमार (22) अपने सगे भाई ओमवीर और साथी सोमवीर (24) के साथ भांजे की शादी में भात रस्म में शामिल होने के लिए निकले थे। तीनों लोग बाइक से पड़ोसी जनपद रामपुर के कस्बा शाहबाद जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। इस हादसे में गौरव कुमार की मौत हो गई है।

टेंपो ने मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे जब तीनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार टेंपो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी हालत नाजुक हो गई। हादसे के बाद टेंपो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने गौरव कुमार को गंभीर हालत में देखते हुए रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसके सगे भाई ओमवीर का मुरादाबाद के अस्पताल में इला जारी है, जबकि साथी सोमवीर का इलाज चंदौसी के अस्पताल में चल रहा है। गौरव का शव शुक्रवार शाम करीब 4 बजे गांव पहुंचा, जहां परिजनों में कोहराम मच गया।

भाई की करंट से मौत ने बढ़ाया दुख

परिवार पर दुखों का पहाड़ यहीं नहीं रुका। परिजनों ने बताया कि गांव में एक दिन पहले ही गौरव की बहन की शादी से पहले उसके भाई दीपक कुमार की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई थी। एक ही घर में लगातार दो मौतों से पूरा गांव सदमे में है। अंतिम संस्कार शाम 7 बजे किया जाएगा और पूरे इलाके में शोक की लहर बनी हुई है।

फरार टेंपो चालक की तलाश जारी

हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि टेंपो की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाया, जिसके कारण यह भीषण टक्कर हुई। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाने शुरू कर दिए हैं ताकि फरार टेंपो चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
19 Jun 2026 08:25 pm