सम्भल

यूट्यूबर महक-परी के घर खूनी खेल: बच्चों के विवाद ने लिया भयंकर रूप, संभल में जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर

Sambhal News: संभल के असमौली थाना क्षेत्र में चर्चित यूट्यूबर बहनें महक-परी और उनके परिवार तथा पड़ोसियों के बीच बच्चों के खेल को लेकर हिंसक मारपीट हुई। इस झगड़े में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं और मामला पुलिस की जांच में है।
2 min read
Apr 09, 2026
youtube mahak pari sambhal fight
यूट्यूबर महक-परी के घर खूनी खेल | Image - Insta/@mehak_parii_143

Youtube Mahak Pari Fight Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां विवादों की पर्याय बन चुकीं चर्चित यूट्यूबर बहनें महक और परी एक बार फिर कानून के घेरे में हैं। मामला असमौली थाना क्षेत्र के शहबाजपुर कलां गांव का है।

घटना की शुरुआत मंगलवार शाम को हुई, जब महक-परी की 8 वर्षीय छोटी बहन नेहरूल निशा और पड़ोस के इलियास के 7 साल के पोते जोहन के बीच खेलते समय मामूली कहासुनी हो गई। बच्चों के बीच की यह छोटी सी रंजिश देखते ही देखते बड़ों की लड़ाई में तब्दील हो गई और गांव का शांत माहौल चीख-पुकार में बदल गया।

कैमरे में कैद हुआ यूट्यूबर परिवार का हिंसक चेहरा

विवाद ने रात 8 बजे तक इतना उग्र रूप ले लिया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यूट्यूबर महक हाथ में लाठी लेकर पड़ोसियों को धमकाती और गाली-गलौज करती साफ नजर आ रही है। वहीं, वीडियो के अन्य हिस्सों में महक-परी की मां और छोटा भाई घर की छत या दरवाजे से पड़ोसियों पर पत्थर बरसाते दिख रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति इतनी भयावह थी कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घर में घुसकर हमले का आरोप और कई घायल

पड़ोसी महिला बिल्किस जहां ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रात के वक्त महक, परी और उनके पिता सरफराज ने उनके घर में घुसकर हमला बोला। इस हमले में बिल्किस के बेटे नूरे हसन, गुले हसन, बहू शाइस्ता और मासूम जोहन को बुरी तरह पीटा गया। मारपीट में नूरे हसन को गंभीर चोटें आई हैं। दूसरी तरफ, महक-परी के पिता सरफराज का भी सिर फट गया है, जिन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों ही पक्ष अब एक-दूसरे पर जानलेवा हमले का आरोप मढ़ रहे हैं।

विवादों और अश्लीलता से पुराना नाता

यह पहली बार नहीं है जब महक और परी सुर्खियों में आई हों। इन बहनों का विवादों से चोली-दामन का साथ रहा है। पूर्व में भी इन पर सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट अपलोड करने के गंभीर आरोप लग चुके हैं, जिसके चलते पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था।

इतना ही नहीं, मुरादाबाद में एक युवक के साथ बीच सड़क पर मारपीट करने का मामला भी खूब चर्चा में रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि इन बहनों के आक्रामक व्यवहार के कारण अक्सर गांव में तनाव की स्थिति बनी रहती है।

पुलिसिया कार्रवाई और मेडिकल जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए असमौली थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, महक-परी के पिता सरफराज की तहरीर पर फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरे पक्ष (बिल्किस जहां) की शिकायत पर भी साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

दोनों पक्षों में हुआ आपसी समझौता

असमोली थाना प्रभारी ने बताया कि महक-परी और उनके पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के बाद दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला सुलझाया गया है।

Updated on:
09 Apr 2026 12:19 pm
Published on:
09 Apr 2026 12:19 pm