सतना

‘एक दिन बहुत दूर भाग जाऊंगा’, सतना में पत्नी के मोबाइल ने खोला पति की मौत का राज

Extra Marital Affair Wife Kills Husband: पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची थी साजिश, दर्शन कराने के लिए पति को प्रेमी के साथ भेजा था।

2 min read
Jun 13, 2026
SATNA
wife and lover killed husband, पति की हत्या की साजिश करने वाली पत्नी अनीता गिरफ्तार (source-patrika)

Satna Extra Marital Affair Crime: मध्यप्रदेश के सतना जिले में पति-पत्नी और वो के चलते एक बार फिर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी ने प्रेमी के प्यार में अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली और प्रेमी ने प्रेमिका के कहने पर उसके पति को साथी के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया। सतना पुलिस ने पूरी वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

8 जून की सुबह सती अनुसुइया मोड़ के पास सड़क किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का रक्तरंजित शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। दो दिन बाद मृतक की पहचान प्रयागराज निवासी संजीव उर्फ संजू पासी (35 वर्ष) के रूप में हुई। पहचान मृतक की मां गुलाब बाई और पत्नी अनीता देवी ने की थी।

पत्नी के अवैध संबंधों ने ली पति की जान

मृतक के कॉल रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस को मृतक की पत्नी अनीता देवी पर संदेह हुआ। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि अनीता के अमित सिंह उर्फ बड़कू से पिछले तीन वर्षों से अवैध संबंध थे। इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। विवाद के दौरान पति संजीव अक्सर कहता था कि वह किसी दिन घर से बहुत दूर भाग जाएगा।  इसके बाद अनीता ने प्रेमी अमित सिंह और उसके साथी शेरा उर्फ राजू निषाद के साथ मिलकर संजीव की हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने मान लिया था कि दूर ले जाकर संजीव को मारने के बाद उनपर शक नहीं होगा। परिजनों को लगेगा कि गुस्से में संजीव कही चला गया है।

चित्रकूट घुमाने के बहाने ले लाए, पुल के पास रेत दिया गला

पुलिस के अनुसार पत्नी ने संजीव को चित्रकूट जाकर दर्शन करने के लिए मनाया। संजीव ने पत्नी से भी चलने को कहा था लेकिन उसने तबीयत ठीक नहीं होने का बहाना बना दिया था। संजीव आरोपियों के मंसूबे नहीं भांप पाया था।  7 जून को अमित सिंह और शेरा निषाद संजीव को बाइक से चित्रकूट घुमाने के बहाने सती अनुसुइया रोड पर ले गए। रास्ते में एक पुल के पास पेशाब करने के बहाने उसे बाइक से उतारा गया। इसी दौरान धारदार चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया और पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन और जेब में रखी नकदी भी निकाल ली गई।

तीनों आरोपियों ने कबूला जुर्म

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर 11 जून को प्रयागराज से अमित सिंह (26) निवासी नैनी, शेरा उर्फ राजू निषाद (32) निवासी खटागी प्रयागराज और मृतक संजीव की पत्नी अनीता देवी (35) निवासी मामा भांजा तालाब नैनी प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगा बड़ा चाकू, बाइक, पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

Updated on:
13 Jun 2026 05:39 pm
Published on:
13 Jun 2026 05:36 pm