
सतना। आचार संहिता उल्लंघन पर पुलिस ने विधायक की चार पहिया गाड़ी पकड़कर कार्रवाई की है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सतना जिले के नागौद विधानसभा के कांग्रेस विधायक यादवेन्द्र सिंह की गाड़ी रविवार रात सेमरिया विधानसभा में घूम रही थी। उक्त गाड़ी में पार्टी का झंडा लगा था और आगे विधायक लिखा हुआ था।
सूचना पर देर रात पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। गाड़ी में सिर्फ ड्राइवर सवार था। उसमें हूटर और कांग्रेस का झंडा लगा हुआ था। साथ ही गाड़ी के आगे विधायक लिखा था। देर रात पुलिस ने गाड़ी को थाने में खड़ा करवा दिया। वाहन चालक के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।
आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज
विभिन्न थानों की पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। नईगढ़ी की एसएसटी टीम ने मडऩा रघुनाथगंज में बिजली के खंभे से भाजपा का झंडा जब्त किया। लौर एसएसटी टीम ने इटहा कला गांव से सपा का झंडा, बैनर जब्त किया। सोहागी एसएसटी टीम ने बायपास अंडरब्रिज के नीचे वाहन (यूपी 80 डीपी 2775) को जब्त किया है जिसके बोनट पर भाजपा का झंडा लगा था।
हस्ताक्षर अभियान में कमिश्नर, कलेक्टर ने किया हस्ताक्षर
मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत कलेक्ट्रेट प्रांगण में मतदान अवश्य करने के लिए चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में कमिश्नर रीवा संभाग महेशचंद्र चौधरी, कलेक्टर राहुल जैन, डिप्टी कलेक्टर संस्कृति शर्मा सहित विभिन्न अधिकारियों-कर्मचारियों एवं उपस्थित जनों ने हस्ताक्षरकर यह शपथ ली कि निर्वाचन के दौरान वे मतदान अवश्य करेंगे।