वार्ड में पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं
सतना। शहर में अतिक्रमण की मार मची हुई है। ऐसा कोई इलाका नहीं जहां अतिक्रमण की शिकायत न हो। लेकिन, वार्ड क्रमांक-23 के संग्राम कॉलोनी क्षेत्र में नाले पर ऐसा अतिक्रमण किया गया कि नाला ही भूमिगत हो गया। वार्ड के बीच से गुजरे से इस नाले की वास्तविक चौड़ाई 28 फीट थी। यह अब पूरी तरह से एक फीट भी नहीं बचा। माफिया के इसी मनमानी के चलते गत दो वर्ष पहले बारिश में बाढ़ का दंश झेलना पड़ा था।
यहां हालात ऐसे हैं कि हल्की बारिश के दौरान आसपास जलभराव होने लगता है। पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं है। अतिक्रमण हटाने को लेकर कई मर्तबा पार्षद नीरज शुक्ला ने निगम प्रशासन के नाम पत्राचार किया। नतीजा सिफर रहा। लिहाजा, बाढ़ का दंश भुगतने के बाद भी निगम की आंख नहीं खुली। समस्या बरकरार है।
पिछड़ेपन का अहसास
लगभग 700 की आबादी के क्षेत्र हवाई पट्टी में लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। न शौचालय बन सके न ही सड़क और नाली का निर्माण कार्य करवाया जा सका। प्रमुख मार्ग के अलावा हरिजन बस्ती की हालत खस्ता है। शहर के बीच में बदहाली की तस्वीर सामने आई है। आसपास गंदगी के साम्राज्य के बीच किसी तरह लोग अपना भरण पोषण कर रहे हैं। स्थानीयजनों का आरोप है, वोट के लिए हर बार जनप्रतिनिधि आते हैं। व्यवस्था दुरुस्त करने की बजाया ठीकरा फोड़ देते हैं।
हैंडपंप हवा उगल रहे
अमृत योजना के तहत वार्ड में लगभग 90 फीसदी क्षेत्र में पाइप लाइन बिछ चुकी है। फिर भी लोगों के घरों तक पेयजल नहीं पंहुच पा रहा। पुरानी जर्जर पाइपलाइन के भरोसे अधूरे वार्ड में सप्लाई का पानी नसीब हो पाता है। जबकि लगे हैंडपंप हवा उगल रहे हैं।
झूल रही स्ट्रीट लाइट
रात में स्ट्रीट लाइट आए दिन दगा दे जाती है। सुबह मर्करी जलती दिखाई देती है। ट्यूब लाइट हवा में लटक रही है। इनके मेंटीनेंस को लेकर कई बार निगम के विद्युत शाखा का दरवाजा खटखटाया गया पर परिणाम सार्थक नहीं रहे।
योजना का लाभ
- पीएम आवास बीएलसी घटक 05 हितग्राही
- आइएचएसडीपी योजना 145 हितग्राहियों का चयन
हकीकत
- वार्ड क्रमांक-23
- वार्ड नाम- राजीव गांधी
- जनसंख्या 7011
- अजा जनसंख्या 1372
- अजजा जनसंख्या 340
- मतदाता 3951
- पुरुष 2069
- महिला 1882
- क्षेत्र संग्राम कॉलोनी
पेयजल समस्या को लेकर पाइपलाइन बिछाई गई है। आज तक पानी नहीं मिला। अन्य समस्याओं का हल हो रहा पर पेयजल समस्या बढ़ रही है।
विजेंद्र चौधरी
बरसात के दिनों में पानी भरता है। नाले में किए गए अतिक्रमण से वार्ड के गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही। नाले को लेकर राजनीति चल रही है।
विनय पटेल
अमृत योजना का पानी जब तक वार्डवासियों को नहीं मिलेगा तब तक पेयजल समस्या कायम रहेगी। इस ओर निगम ध्यान नहीं दे रहा है।
नाथू बंसल
हमारे इलाके में न कुआं है न बिजली है। जो बिजली का खंभा है वह टूटा है। हमारी बस्ती में सफाई नहीं होती है। इस कारण बीमारी फैल रही है।
वासुदेव चौधरी
मूलभूत सुविधाएं बस्ती में नहीं हंै। न तो सड़क है और न ही नाली और पानी। कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
जुगुल किशोर
वार्ड में पार्क सरस्वती स्कूल के पास बनना था लेकिन बना नहीं। पार्क जो हैं भी उन्हें अच्छा बनाने की जरूरत है।
राजकुमार बंसल
पेयजल को लेकर गर्मी में अधिक दिक्कत होती है। हैंडपंप सूख चुके हैं। कई बार शिकायत के बाद भी आज तक पेयजल समस्या हल नहीं हुई है।
सरोज गुप्ता
नाली की सफाई नियमित नहीं होती है। नालियों में भी अतिक्रमण हो चुका है। खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।
ब्रजेश मिश्रा
पुरानी नालियां टूटी पड़ी हैं। उनको देखने वाला कोई नहीं। नई पाइपलाइन के लिए सड़क को खोदकर बर्बाद कर दिया गया है।
सुनील मिश्रा
वार्ड में अच्छे पार्क की आवश्यकता है। सड़कों के किनारे अतिक्रमण किया गया है। अतिक्रमण हटे तो राहत मिले।
गौरव त्रिपाठी
हमारी निगम प्रशासन से मांग है कि २८ फीट चौड़े नाले को अतिक्रमणमुक्त किया जाए। ताकि बारिश के दिनों में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। अमृत योजना की नई पेयजल लाइन से लोगों को पानी मिले।
नीरज शुक्ला, पार्षद