सवाई माधोपुर

Rajasthan: ‘तेरी पूरी थानेदारी निकाल दूंगा…’ चालान से भड़के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने सरेआम ASI को पीटा, वर्दी फाड़ी

Traffic Police Assault: गंगापुरसिटी में यातायात नियम तोड़ने पर कार चालक को रोकना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। युवक ने खुद को सरपंच का बेटा बताते हुए एएसआइ और कांस्टेबलों के साथ मारपीट कर दी।
2 min read
Traffic ASI assaulted
घटनाक्रम बताते हुए एएसआइ कुशल कुमार। फोटो- पत्रिका

गंगापुरसिटी। यातायात नियमों की अवहेलना करने पर कार रोकना यातायात पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। रविवार को एक युवक ने खुद को सरपंच का बेटा और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष बताते हुए यातायात विभाग के एएसआइ और कांस्टेबलों के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी, चालान बुक फाड़ दी और केबिन में घुसकर कुर्सी-टेबल तक तोड़ डाले। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर उसकी बोलेरो गाड़ी जब्त कर उदेई मोड़ थाने पहुंचाया।

मामले में यातायात विभाग के एएसआइ कुशल कुमार ने उदेई मोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि रविवार वह कांस्टेबल नाहरसिंह के साथ फव्वारा चौक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो कार वहां पहुंची। कार पर लाल रंग से राजस्थान हाईकोर्ट लिखा हुआ था, जबकि आगे के शीशे पर राजस्थान विश्वविद्यालय अंकित था। साथ ही वाहन चालक ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी और कार के शीशों पर काली फिल्म भी चढ़ी हुई थी।

पुलिसकर्मियों को दी धमकी

कांस्टेबल नाहरसिंह ने कार चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने वाहन को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया। पुलिसकर्मियों ने समझाइश की और चालान बनाने की बात कही तो युवक भड़क गया। आरोप है कि उसने कहा, “मुझे जानता नहीं है, मैं सरपंच का बेटा हूं। मेरी एमएलए-एमपी से जान-पहचान है। मैं यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ अध्यक्ष रहा हूं। तेरी पूरी थानेदारी निकलवा दूंगा।” इसके बाद उसने एएसआइ कुशल कुमार और कांस्टेबल नाहरसिंह के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी।

कुर्सी-टेबल तोड़ी

घटना के दौरान वहां पहुंचे दूसरे कांस्टेबल प्रेमराज के साथ भी युवक ने हाथापाई की। पुलिसकर्मी खुद को बचाने के लिए केबिन में घुस गए, लेकिन युवक वहां भी पहुंच गया और कुर्सी-टेबल तोड़ने के साथ चालान बुक फाड़ दी। इस दौरान एएसआइ और कांस्टेबलों की वर्दी भी फट गई तथा उन्हें अंदरूनी चोटें आईं।

इनका कहना है

कांस्टेबल ने कार चालक को रोका था तो उसने अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। इस संबंध में मामला दर्ज कराया गया है।

  • कुशल कुमार, एएसआइ, यातायात पुलिस, गंगापुरसिटी

एएसआइ की रिपोर्ट पर युवक के खिलाफ मारपीट और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज किया गया है। गाड़ी जब्त कर युवक को हिरासत में लिया गया है।

  • बृजेश कुमार, सीआइ, उदेई मोड़, गंगापुरसिटी
Published on:
17 May 2026 07:20 pm