
सवाई माधोपुर। मां की ममता और साहस की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जहां अपने ढाई साल के मासूम बेटे को बचाने के लिए एक महिला वन्यजीव से भिड़ गई। जंगल के पास देवस्थान पर जा रही मां-बेटे पर अचानक झाड़ियों में छिपे वन्यजीव ने हमला कर दिया। बेटे को खतरे में देख मां ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसका मुकाबला किया। इस घटना में मां और बेटा दोनों घायल हो गए। ग्रामीणों के पहुंचने और शोर मचाने पर वन्यजीव वहां से भाग गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
यह घटना रणथंभौर बाघ परियोजना की तालेड़ा रेंज में शनिवार शाम हुई। जानकारी के अनुसार सावंटा निवासी पदमा देवी (32) पत्नी प्रेमसिंह गुर्जर अपने ढाई वर्षीय बेटे बुद्धी के साथ गांव के पास जंगल क्षेत्र में स्थित देवस्थान पर धोक लगाने जा रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे वन्यजीव ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया। हमलावर वन्यजीव को पैंथर बताया गया है। बेटे को बचाने के लिए पदमा देवी उससे भिड़ गई और बच्चे को बचाने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एकजुट होकर शोर मचाया, जिसके बाद वन्यजीव झाड़ियों में ओझल हो गया।
घटना में पदमा देवी और उसका बेटा दोनों घायल हो गए। सूचना मिलने पर तालेड़ा रेंज अधिकारी रामखिलाड़ी मीणा के निर्देशन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। फिलहाल मां-बेटे की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वन्यजीव की मौजूदगी के साक्ष्य जुटाए। तालेड़ा रेंज अधिकारी के अनुसार मौके पर लकड़बग्घे के पगमार्क मिले हैं, जबकि कुछ दूरी पर पैंथर के पदचिह्न भी दिखाई दिए। ऐसे में प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे लकड़बग्घे की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वन्यजीव की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।
तालेड़ा रेंज में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बीते एक माह में हमले की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले नगर पालिका क्षेत्र में पैंथर के हमले में एक बालिका घायल हो गई थी। वहीं नायपुर सड़क मार्ग पर भोमिया के पास भी पैंथर दिखाई देने की सूचना मिली थी।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर फैली जूली फ्लोरा की झाड़ियां वन्यजीवों के छिपने का ठिकाना बन रही हैं। कई बार शिकायत के बावजूद सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई नहीं हुई। वन विभाग ने अपने क्षेत्र में सफाई करवाई है, लेकिन ग्रामीण सड़क किनारे भी झाड़ियों की कटाई और नियमित निगरानी की मांग कर रहे हैं।
उपवन संरक्षक रणथंभौर बाघ परियोजना मानस सिंह के अनुसार वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खंडार और तालेड़ा रेंज में अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। खंडार रेंज अधिकारी विजय कुमार मीणा और तालेड़ा रेंज अधिकारी रामखिलाड़ी मीणा की निगरानी में टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। वन्यजीवों को पकड़ने के लिए शिकार के साथ पिंजरे लगाए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर वन्यजीव को ट्रेंकुलाइज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।