Priyanka Gandhi Ranthambore Visit : वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने रणथंभौर में 'रिद्धि' का चुपचाप पीछा किया। 'माही' की अठखेलियां देखी। जानें क्या माजरा।
Priyanka Gandhi Ranthambore Visit : वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने रणथंभौर में 'रिद्धि' का चुपचाप पीछा किया। 'माही' की अठखेलियां देखी। अठखेलिया देख प्रियंका गाँधी काफी खुश नजर आईं। प्रियंका गांधी ने शनिवार को सवाई माधोपुर के रणथंभौर में टाइगर सफारी का लुत्फ उठाया। सफारी में प्रियंका गांधी ने जोन नंबर 3 में बाघिन रिद्धि और उसकी बेटी माही का चुपचाप पीछा किया। उसकी अठखेलियां देखीं। तीन घंटे तक प्रियंका अपने बेटे रेहान के साथ रिद्धि और माही की हर हरकत पर नजर रख रहीं थी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी तीन दिन के लिए शुक्रवार को रणथंभौर पार्क पहुंची थीं।
वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट व गाइड विजय सिंह मीणा ने बताया, प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार रात्रि विश्राम होटल में करने के बाद शनिवार शाम की पारी में रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने रणथम्भौर के जोन 3 में करीब तीन घंटे तक बाघिन रिद्धि व उसकी बेटी माही को निहारा। आज प्रियंका गांधी को रिद्धि व उसकी बेटी माही की आपस में मस्ती देखने को मिली। दोनों एक दूसरे से कभी गुर्राते तो कभी आगे-पीछे नजर आई। जंगल में बाघिन रिद्धि ने एक सांभर का भी शिकार करने के लिए पीछा किया, लेकिन वह शिकार करने में नाकाम रही।
विजय सिंह मीणा ने आगे बताया इसके बाद दोनों मां-बेटियों ने राजबाग में पहुंचकर एक-दूसरे को घूरा। यहां से बाघिन रिद्धि पदम तालाब और बाघिन माही झालरा की तरफ रवाना हो गई। यहां माही के सामने एक एक चीतल का बच्चा आ गया, लेकिन माही इसका शिकार करने से चूक गई। प्रियंका गांधी व उनके परिजन इस दृश्य को देखकर काफी खुश नजर आए। एक दिन पहले प्रियंका गांधी के बेटे रेहान ने शुक्रवार सुबह की पारी में दोस्तों के साथ जंगल का भ्रमण किया था, लेकिन उन्हें बाघ-बाघिन के दीदार नहीं हुए थे।
प्रियंका गांधी को रणथंभौर बहुत प्रिय है। एक महीने के अंदर प्रियंका गांधी का यह दूसरा रणथंभौर दौरा है। इससे पहले 19 नवम्बर को प्रियंका गांधी अपने परिवार संग रणथंभौर आईं थी। इस दौरान जोन नंबर 3 में उन्हें बाघिन ऐरोहेड और उसके तीन शावकों की साइटिंग हुई थी। मां-बेटे ने अपने कैमरे में इस नजारे की तस्वीरें भी कैद की थी। वे यहां तीन दिन तक रुकी और इसके बाद जयपुर में एक समारोह में शामिल होने के लिए सड़क मार्ग से रवाना हो गई थीं।
रणथंभौर भारत का मशहूर टाइगर रिजर्व है। यह 1700 वर्ग किलोमीटर में फैला है। यह रिजर्व सिर्फ बाघों के लिए ही नहीं अन्य वन्यजीवों के लिए भी पहचाना जाता है। वर्ष 2024 में रणथंभौर से लगभग 600 करोड़ रुपए का राजस्व होने की उम्मीद है।