
सवाईमाधोपुर. बजरिया में अग्रसेन सदन के सामने एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की कतार। इनसेट में पुरूषों के बीच लाइन में लगी महिला।
LPG Gas Crisis: सवाईमाधोपुर शहर में गैस सिलेंडर की कमी और वितरण व्यवस्था की खामियों ने उपभोक्ताओं को भारी परेशानी में डाल दिया है। एजेंसियों पर सिलेंडरों की उपलब्धता लगातार घट रही है। इसके चलते उपभोक्ताओं की भीड़ तो उमड़ती है, लेकिन सभी को आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
तकनीकी सिस्टम धीमा पड़ने से हालात और बिगड़ रहे है। उपभोक्ताओं के रजिस्टर्ड मोबाइल पर ओटीपी तक नहीं पहुंचता है। इससे पर्ची कटवाने और सिलेंडर प्राप्त करने की प्रक्रिया और अधिक जटिल हो रही है।
शहर में गैस सिलेंडर की किल्लत ने आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रोजमर्रा की जरूरत का सामान होने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर प्राप्त करने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। हालात इतने बिगड़ गए कि वितरण केंद्रों पर धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिलाओं, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को भीड़ में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उपभोक्ता अरुण शर्मा, हेमराज प्रजापत, कांजी गुर्जर आदि ने बताया कि गैस सिलेंडर जैसी आवश्यक वस्तु के लिए इस तरह संघर्ष करना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। अग्रसेन सदन के सामने स्थित एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने नाराज़गी जताई कि शिकायत दर्ज कराने के लिए कोई नम्बर ही प्रदर्शित नहीं किया।
उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेकर अपनी पर्ची कटवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। भीड़ में धक्का-मुक्की की स्थिति बनी और महिला उपभोक्ताओं को भी परेशानी झेलनी पड़ी क्योंकि उनके लिए अलग लाइन नहीं बनाई गई थी।
उपभोक्ताओं के विरोध के बावजूद एजेंसी संचालक और स्टाफ ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उल्टा उन्होंने काउंटर पर टेबल लगाकर उसे अवरोधित कर दिया। इससे उपभोक्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। लोगों का कहना है कि पहले घरों तक सिलेंडर की आपूर्ति सहजता से होती थी, लेकिन अब उन्हें हर बार एजेंसी पर जाकर संघर्ष करना पड़ रहा है।
घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और व्यवसायिक दुरुपयोग पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला रसद विभाग की छापेमारी में कुल 14 सिलेंडर जब्त किए। इनमें से 12 सिलेंडर सवाईमाधोपुर शहर से और 2 सिलेंडर गंगापुर सिटी से मिले। प्रशासन का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अवैध भंडारण और ऊंचे दामों पर बिक्री करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गैस वितरण संबंधी शिकायतों के लिए जिला रसद कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया है जिसका नम्बर 07462-294515 है। इसके अलावा राज्य सरकार की हेल्पलाइन 181 और खाद्य विभाग की हेल्पलाइन 14435 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
Published on:
18 Mar 2026 05:10 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
