
Rajasthan Tourism RTDC Hotels: सवाईमाधोपुर: राजस्थान पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (आरटीडीसी) ने एक बार फिर अपने होटलों को निजी हाथों में सौंपने की कवायद शुरू कर दी है। निगम की ओर से प्रदेश के चार प्रमुख होटलों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर लीज पर देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए निविदा भी जारी की जा चुकी है। जल्द ही इन होटलों को निजी संचालकों को लीज पर सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस फैसले के पीछे आरटीडीसी के होटलों में कर्मचारियों की कमी और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
आरटीडीसी की ओर से पहले चरण में सवाईमाधोपुर के होटल विनायक, बूंदी के होटल वृंदावती, सरिस्का के होटल मीनल और झालावाड़ के होटल चंद्रावती को लीज पर देने की दिशा में काम किया जा रहा है। निगम की हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में पर्यटन इकाइयों को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने के लिए लीज पर देने का फैसला लिया गया था। इसी निर्णय के तहत अब इन चार होटलों को निजी संचालकों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
आरटीडीसी के होटलों में लंबे समय से कर्मचारियों की नई नियुक्तियां नहीं हुई हैं। इस दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में निगम के सामने कर्मचारियों की कमी की समस्या खड़ी हो गई है। इसका सीधा असर होटलों के संचालन और पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं पर पड़ रहा है। पर्यटकों और यात्रियों को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने में परेशानी आ रही है। दूसरी ओर निजी होटल संचालक पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे में धीरे-धीरे पर्यटकों का आरटीडीसी के होटलों से मोहभंग हो रहा है।
आरटीडीसी की ओर से होटलों को लीज पर देने की यह पहली कवायद नहीं है। इससे पहले वर्ष 2019 में भी निगम के चार होटलों को लीज पर सौंपा गया था। अब एक बार फिर इसी व्यवस्था के तहत चार अन्य होटलों को निजी संचालकों के हवाले करने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, वर्तमान में भी आरटीडीसी के करीब 40 होटल बंद पड़े हैं। इनमें से कई होटल वर्ष 2019 के आसपास से ही बंद हैं। ऐसे में निगम के होटलों के संचालन और पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सवाईमाधोपुर स्थित आरटीडीसी का होटल विनायक भी उन चार होटलों में शामिल है, जिन्हें पहले चरण में लीज पर देने की तैयारी की जा रही है। झूमर बावड़ी आरटीडीसी, सवाईमाधोपुर के प्रभारी हरद्वारीलाल ने बताया कि प्रदेश के चार होटलों को लीज पर देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इनमें सवाईमाधोपुर का आरटीडीसी विनायक होटल भी शामिल है। फिलहाल निगम की ओर से निविदा जारी की जा चुकी है। आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन होटलों का संचालन निजी हाथों में जाने का रास्ता साफ हो सकेगा।