
Shivpuri Drunk Teacher Video: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के ग्राम लालपुर में शासकीय माध्यमिक स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुंचे और काफी लड़खड़ाकर चल रहे थे। बच्चों ने जब शिक्षक को शराब के नशे में देखा तो परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे और शराब के नशे में धुत शिक्षक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इधर इस मामले में करैरा बीईओ का कहना है कि वीडियो मेरे पास भी आए हैं। हम मामले में जांच कर शिक्षक पर कार्रवाई करेंगे।
ग्रामीणों की मानें तो लालपुर स्कूल में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक राकेश बाथम शराब पीने के आदी हैं, और हर रोज स्कूल में शराब पीकर आते है। मंगलवार को भी वह शराब के नशे में स्कूल पहुंचे तो इसकी सूचना कुछ बच्चों ने गांव में दे दी। इसके बाद कुछ ग्रामीण स्कूल पहुंचे और शिक्षक राकेश बाथम से कहा कि आप शराब के नशे में स्कूल आते हो। ऐसे में बच्चों पर इसका कैसा प्रभाव पड़ेगा। जब ग्रामीण शिक्षक का वीडियो बनाने लगे तो शिक्षक ने कहा कि बना लो मेरा वीडियो बना लो, कोई फर्क नही पड़ता।
देखें वीडियो-
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में और स्कूल के पीछे शराब के कई खाली वारदाने मिले हैं, स्कूल के अन्य शिक्षकों ने भी बताया है कि शिक्षक राकेश बाथम काफी समय से स्कूल में ही शराब पीता है और मना करने पर विवाद करने लगता है। इधर शिक्षक के शराब में नशे में होने के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर ग्रामीणों ने वायरल कर दिए हैं।
मामले पर करैरा बीईओ मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि मेरे पास भी शराब के नशे में शिक्षक के वीडियो आए हैं। मैं तो काफी हतप्रभ हूं। इस तरह से शिक्षा के मंदिर में एक शिक्षक को शराब के नशे में आना शोभा नहीं देता है। मैं पूरे मामले की जांच व पंचनामा बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को कार्रवाई के लिए अग्रेषित करूंगा।