
Khatu Shyam Ji Badhal Railway Station: सीकर: बाबा श्याम के पाटोत्सव (जन्मोत्सव) से पहले श्रद्धालुओं के लिए रेल सुविधाओं के विस्तार की अच्छी खबर है। खाटूधाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की राह आसान करने के लिए रेलवे रींगस और पैदल सुंदरपुरा के बाद अब बधाल स्टेशन को भी तीसरे विकल्प के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इससे रींगस स्टेशन पर बढ़ते यात्रीभार को कम करने के साथ मेले के दौरान खाटूश्यामजी मार्ग पर लगने वाले जाम से भी राहत मिल सकती है। गत दिनों जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बधाल स्टेशन विकसित करने की मांग की थी।
खाटूश्याम मंदिर में सालभर देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। रेल से आने वाले यात्रियों के लिए रींगस प्रमुख विकल्प है। एकादशी और फाल्गुन लक्खी मेले के दौरान यहां रोजाना 30 हजार से बढ़कर 80 हजार से एक लाख तक यात्री पहुंचते हैं। सीमित क्षमता के चलते रेलवे को भीड़ प्रबंधन में परेशानी होती है।
बधाल स्टेशन इस योजना के लिए मुफीद माना जा रहा है। यहां पहले से रेलवे ट्रैक और आधारभूत ढांचा मौजूद है। ऐसे में प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री शेड, वेटिंग हॉल, फुट ओवरब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया विकसित करने में नए स्टेशन की तुलना में कम समय और बजट लग सकता है।
यात्री सुविधाओं के विस्तार के बावजूद रींगस पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसे कम करने के लिए मंदिर से करीब 11 किलोमीटर दूर सुंदरपुरा में नया स्टेशन विकसित किया जा रहा है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। अब जयपुर मंडल बधाल स्टेशन को भी इस नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी कर रहा है।
तीनों स्टेशनों के विकसित होने से रींगस पर यात्रीभार बंटेगा। साथ ही रींगस-खाटूश्यामजी मार्ग पर मेले के दौरान लगने वाले जाम से भी राहत मिल सकती है। भौगोलिक स्थिति के लिहाज से रींगस, सुंदरपुरा और बधाल खाटूधाम के आसपास तीन दिशाओं से रेल सुविधा उपलब्ध करा सकते हैं।
-यशवंत कुमार शर्मा, पूर्व रेलवे अधिकारी